चंडीगढ़ से सटे खन्ना इलाके से एक बाप की अपनी ही नाबालिग बेटियों से हैवानियत की शर्मनाक घटना सामने आई है। दो बहनों ने खन्ना के एसएसपी हरीश कुमार के पास पहुंच अपने ही पिता के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत दी है। पीड़ितों ने बताया कि, उसका नशेड़ी पिता लंबे समय से उन दोनों को प्रताड़ित कर दुष्कर्म कर रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसएसपी ने तत्काल डीएसपी विलियम जेजी, महिला इंस्पेक्टर राज परमिंदर कौर, एसएचओ अमृतपाल सिंह के नेतृत्व में एक जांच कमेटी गठित की। जिसके बाद भारी पुलिस बल के साथ पुलिस अधिकारियों ने पीड़िता के घर पर पहुंचकर दोनों बहनों के अलग-अलग बयान कलमबद्ध किए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दोनों पीड़ित नाबालिग बहनें हैं। इनकी उम्र 10 और 15 साल है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि, उनका पिता शराबी है। यह आरोपी लंबे समय से उनके साथ दुष्कर्म कर रहा है। नाबालिग बहनों ने बताया कि, आरोपी पिता, दुष्कर्म से पहले उनके मुंह में कपड़ा ठूंस देता है, जिससे वह शोर न मचा सकें। कई बार हाथ पैर बांध कर उनको तरह-तरह की यातना भी देता है। पुलिस के अनुसार दोनों बच्चियों की मां नहीं है और शिकायत के बाद से ही पिता फरार है। दोनों बहनों को पुलिस सुरक्षा में लेकर मेडिकल कराया गया है, जिसकी रिपोर्ट अभी आनी बाकी है। साथ ही आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें छापेमारी कर रही हैं।
नाबालिगों का जीवन बन गया था नर्कनाबालिगों ने पुलिस को कई दिल दहला देने वाली प्रताड़ना बताई है। लड़कियों ने बताया कि, उसका पिता दुष्कर्म से पहले उन्हें जबरन शराब और सिगरेट पिलाता था। अगर वे इनकार करती तो वह उन्हें पीटता और सिगरेट से जला भी देता। आरोपी इसी तरह से दोनों बहनों के साथ करता और उनको एक तरह से घर में कैद करके रखा था। इस खुलासे के बाद पुलिस अधिकारी भी सकते में हैं। खन्ना के डीएसपी विलियम जेजी ने बताया कि, दोनों बच्चियों के बयान दर्ज कर उन्हें पुलिस सुरक्षा में ले लिया गया है। आरोपी बाप की तलाश की जा रही है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
