चंडीगढ़ स्थित प्रसिद्ध पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) कैंपस में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यूनिवर्सिटी में माइक्रोबायोलॉजी की PhD स्कॉलर छात्रा की फुटपाथ पर अचानक करंट लगने से मौत हो गई। मृतका की पहचान हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले की रहने वाली ज्योति के रूप में हुई है, जो पंजाब यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में रह रही थी। घटना के बाद पूरे विश्वविद्यालय परिसर में मातम छा गया है, वहीं लापरवाही को लेकर छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा है।
हॉस्टल जाते वक्त लगा करंट
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ज्योति हॉस्टल नंबर 8 से होते हुए हॉस्टल नंबर 10 की तरफ जा रही थी। जैसे ही वह रास्ते में फुटपाथ के पास से गुजरी, वहां किसी खुले या कटे पड़े तार के संपर्क में आने से उसे भीषण इलेक्ट्रिक शॉक लगा। करंट लगते ही ज्योति वहीं बेसुध होकर गिर पड़ी। आसपास मौजूद लोगों और साथियों ने तुरंत उसे संभाला और आनन-फानन में चंडीगढ़ के सेक्टर-16 स्थित सरकारी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।वीसी दफ्तर के बाहर भारी बवाल, पुलिस से धक्का-मुक्की
होश उड़ा देने वाली इस घटना की खबर मिलते ही कैंपस के छात्रों का आक्रोश भड़क उठा। गुस्साए छात्र बड़ी संख्या में इकट्ठा होकर उपकुलपति (VC) कार्यालय के बाहर जुट गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी छात्र वीसी दफ्तर में जबरन घुसने का प्रयास कर रहे थे, जिन्हें रोकने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया। इस दौरान छात्रों और पुलिस के बीच तीखी बहस और काफी देर तक धक्का-मुक्की हुई।
वीसी के इस्तीफे की मांग
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि यूनिवर्सिटी प्रशासन सुरक्षा और मेंटेनेंस को लेकर पूरी तरह लापरवाह है। कैंपस में आए दिन ऐसे हादसे या बिजली की खुली तारों की शिकायतें मिलती रहती हैं। छात्रों ने यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर (VC) से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तुरंत इस्तीफे की मांग की है। कैंपस में स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
