Chamoli Tunnel Accident: उत्तराखंड के चमोली जिले के पीपलकोटी में बड़ा हादसा हो गया। यहां टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (THDC) की निर्माणाधीन सुरंग में अचानक पानी और मलबा घुस गया, जिससे कई मजदूर अंदर फंस गए। इस हादसे में अब तक 7 मजदूरों की मौत हो चुकी है और कई मजदूर अभी भी अंदर फंसे हुए हैं। एनडीआरएफ (NDRF) और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमें मौके पर मौजूद हैं और युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
अस्पताल लाए गए 19 लोगों में 7 की मौत
अधिकारियों के मुताबिक, सुरंग से अब तक 19 लोगों को रेस्क्यू किया जा चुका है, जिन्हें इलाज के लिए गोपेश्वर के जिला अस्पताल लाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने इनमें से 7 लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि 13 लोगों की हालत स्थिर बताई गई है। डॉक्टर के अनुसार, 10 लोगों को अस्पताल में भर्ती किया गया है। वहीं, एक युवक की हालत गंभीर होने के कारण उसे श्रीनगर के बेस अस्पताल रेफर किया गया है।
मृतकों की पहचान
- प्रदीप सिंह पंवार -टिहरी, उत्तराखंड
- मुकेश - उर्गम, चमोली
- दुर्लभ शर्मा - बिहार
- विजय - झारखण्ड
- जीतेन्द्र कुमार - झारखण्ड
- लोकेश्वर
- भुनेश्वर
सुरंग में बड़ी मात्रा में भरा पानी
NDRF टीम के कमांडर अमृत लाल मीणा ने बताया कि जब बचाव दल सुरंग के अंदर पहुंचा तो वहां बड़ी मात्रा में पानी भरा हुआ था। सुरंग के किनारों से भी लगातार पानी का रिसाव हो रहा था। उन्होंने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान विशेष उपकरणों का इस्तेमाल किया गया और चार शवों को पानी से बाहर निकाला गया। उन्होंने कहा कि अभियान अभी जारी है और अंदर फंसे सभी लोगों को बाहर निकालने तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलता रहेगा।
हादसे के वक्त 20-22 मजदूर थे मौजूद
THDC के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर (प्रोजेक्ट्स) कुमार शरद ने बताया कि हादसे के समय टनल के अंदर करीब 20 से 22 मजदूर मौजूद थे। उन्होंने कहा कि NDRF और SDRF की टीमें लगातार बचाव कार्य में जुटी हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 18 मजदूरों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया था। इनमें 3 से 4 मजदूरों की हालत गंभीर बताई गई थी। फिलहाल सुरंग के अंदर फंसे अन्य मजदूरों की तलाश और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। अधिकारियों की प्राथमिकता सुरंग में फंसे सभी लोगों को जल्द से जल्द बाहर निकालना है।
