शहर

Punjab: मोहाली विजिलेंस ऑफिस में CBI की रेड, रिश्वतखोरी मामले में कई लोग हिरासत में

सीबीआई ने रिश्वतखोरी के आरोप की जांच में मोहाली स्थित पंजाब विजिलेंस ब्यूरो के दफ्तर में छापा मारा। कार्रवाई के दौरान कई कथित दलालों को गिरफ्तार किया गया। यह जांच 20 लाख रुपये की कथित रिश्वत डील से जुड़ी बताई जा रही है।

Image

फाइल फोटो

Photo : PTI

पंजाब में भ्रष्टाचार की जांच करने वाली एजेंसी अब खुद जांच के घेरे में आ गई है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की टीम ने पंजाब विजिलेंस ब्यूरो के मोहाली स्थित मुख्यालय में रेड डाली। जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात छापेमारी के बाद आज सुबह फिर सीबीआई टीम विजिलेंस हेडक्वार्टर में कार्रवाई के लिए पहुंची। इस दौरान कई बिचौलियों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, ये लोग कथित तौर पर विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी की ओर से रिश्वत लेने का काम कर रहे थे। सीबीआई की टीम करीब 20 लाख रुपये के रिश्वत लेनदेन के आरोप की जांच कर रही थी, इसी दौरान यह छापेमारी के के बाद यह कार्रवाई की गई।

जानकारी के मुताबिक, सीबीआई टीम छापेमारी की कार्रवाई के दौरान रात करीब 12 बजे तक विजिलेंस हेडक्वार्टर में मौजूद रही। जिसके बाद मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे टीम दोबारा पंजाब विजिलेंस चीफ के दफ्तर पहुंची। सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई विजिलेंस चीफ के रीडर ओपी राणा पर लगे रिश्वतखोरी के आरोपों को लेकर की जा रही है। उन पर करीब 13 लाख रुपये की रिश्वत लेने का आरोप है। सीबीआई को इस मामले में बिचौलिए राघव गोयल से जुड़ी ऑडियो रिकॉर्डिंग भी मिली है, जिसके आधार पर छापेमारी को अंजाम दिया गया।

विजिलेंस ब्यूरो के चीफ भी जांच के घेरे में

बताया जा रहा है कि विजिलेंस ब्यूरो के चीफ शरद सत्य चौहान भी जांच के घेरे में हैं। जांच एजेंसी उनकी भूमिका को लेकर जानकारी जुटा रही है। हालांकि अभी तक सीबीआई की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पंजाब पुलिस ने विजिलेंस मुख्यालय के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। परिसर के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है आने-जाने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

13 लाख रुपये बरामद

बताया जा रहा है कि कार्रवाई के दौरान कथित तौर पर करीब 13 लाख रुपये भी बरामद किए गए हैं। हालांकि सीबीआई ने आधिकारिक तौर पर बरामद रकम की कोई पुष्टि नहीं की है। अब सीबीआई इस पूरे नेटवर्क और रिश्वतखोरी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। आने वाले दिनों में कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

CBI कार्रवाई से बढ़ी सियासी गर्मी

सीबीआई की इस कार्रवाई के बाद पंजाब की राजनीति भी गरमा गई है। शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि पंजाब में अब भ्रष्टाचार ऊपर से नीचे तक परत-दर-परत खुल रहा हैं। मजीठिया ने यह भी आरोप लगाया कि कथित 20 लाख रुपये की रिश्वत डील की जांच के दौरान एजेंसी ने लाखों रुपये बरामद किए हैं। उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर करारा हमला बोलते हुए कहा कि अब उनके पास मुख्यमंत्री और गृह मंत्री पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article