शहर

CBI का बड़ा शिकंजा, रिश्वतखोरी मामले में IPS अधिकारी दीपक गहलावत को किया गिरफ्तार

केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने रिश्वतखोरी के मामले में हरियाणा कैडर के 2012 बैच के आईपीएस अधिकारी दीपक गहलावत को गिरफ्तार कर बड़ा कदम उठाया है। मामले में पहले ही कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं और अब CBI जांच का दायरा लगातार बढ़ा रही है।

Image

रिश्वतखोरी मामले में IPS अधिकारी दीपक गहलावत गिरफ्तार

Deepak Gehlawat Arrest: केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने रिश्वतखोरी के एक मामले में हरियाणा कैडर के 2012 बैच के आईपीएस अधिकारी दीपक गहलावत को गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी फिलहाल केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS), दिल्ली में तैनात थे।

पांच दिन की हिरासत की मांग

वहीं गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने दीपक गहलावत को दिल्ली स्थित राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया। जांच एजेंसी ने मामले में गहन पूछताछ के लिए अदालत से दीपक गहलावत की पांच दिन की हिरासत की मांग की है। फिलहाल अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुन ली हैं और उनकी कस्टडी को लेकर अपना आदेश सुरक्षित रख लिया है।

अवैध रिश्वत की मांग

CBI के अनुसार, इस मामले में 8 जून 2026 को दिल्ली पुलिस के इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह और दो निजी व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान सामने आया कि आईपीएस अधिकारी दीपक गहलावत ने दावा किया था कि वह अपने व्यक्तिगत प्रभाव का इस्तेमाल कर पुडुचेरी में नकली दवाओं की बिक्री से जुड़े CBI के मामलों में आरोपियों को राहत दिला सकते हैं। इसके बदले उन्होंने अवैध रिश्वत की मांग की थी।

इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह समेत सात आरोपियों को गिरफ्तारी

बताया जा रहा है कि इससे पहले इस मामले में CBI दिल्ली पुलिस के इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। जानकारी के मुताबिक उस कार्रवाई के दौरान करीब 25 लाख रुपये की ट्रैप राशि, 90 लाख रुपये नकद तथा कई अहम दस्तावेज बरामद किए गए थे। ताजा कार्रवाई के तहत CBI ने आरोपी आईपीएस अधिकारी से जुड़े कई ठिकानों पर तलाशी ली, जहां से डिजिटल डिवाइस, हार्ड डिस्क और महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

2012 बैच के आईपीएस अधिकारी

CBI का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और इस दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार दीपक गहलावत मूल रूप से हरियाणा के सोनीपत के गांव निजामपुर माजरा के रहने वाले हैं। मौजूदा समय में उनका परिवार रोहतक में रहता है। दीपक गहलावत साल 2012 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। बता दें कि वह गुरुग्राम में पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) के अलावा कई जिलों में पुलिस अधीक्षक (एसपी) के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

Anuj Mishra
अनुज मिश्राauthor

अनुज मिश्रा भारत के अग्रणी क्राइम और इन्वेस्टिगेटिव पत्रकारों में से एक हैं। वह वर्तमान में टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज़ एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। पिछले करीब दो दशकों से अनुज मिश्रा ने अपराध, आंतरिक सुरक्षा और संगठित अपराध से जुड़े मामलों की गहन रिपोर्टिंग और संपादकीय नेतृत्व किया है। उन्होंने सीबीआई, ईडी, आयकर विभाग, एनआईए और खुफिया एजेंसियों से संबंधित बड़ी और संवेदनशील खबरों को नज़दीकी से कवर किया है। अनुज मिश्रा की सबसे बड़ी ताक़त उनकी ग्राउंड रिपोर्टिंग है। हर बड़ी और अहम खबर में वह ग्राउंड ज़ीरो पर मौजूद रहकर घटनाओं की प्रत्यक्ष कवरेज करते रहे हैं। यही कारण है कि उनकी रिपोर्टिंग में जमीनी सच्चाई और तथ्य हमेशा साफ़ झलकते हैं। टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ने से पहले अनुज मिश्रा देश के कई बड़े टेलीविज़न न्यूज़ चैनलों के साथ काम कर चुके हैं, जहां उन्होंने अपनी पत्रकारिता और एडिटोरियल स्किल्स से अलग पहचान बनाई। अनुज ने न केवल देश-विदेश की बड़ी खबरों को जनता तक पहुँचाया है, बल्कि उत्तर प्रदेश की राजनीति और सत्ता गलियारों से जुड़े घटनाक्रमों पर भी पैनी नज़र रखी है। उनकी पत्रकारिता शैली तथ्यपरक, इन्वेस्टिगेटिव और जमीनी हकीकत पर आधारित मानी जाती है। उन्होंने आतंकवाद, संगठित अपराध, ड्रग्स सिंडिकेट, हाई-प्रोफाइल जांच और सियासी घटनाक्रमों पर कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स की हैं, जिन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है।

और पढ़ें
End of Article