शहर

पूर्व सांसद धनंजय सिंह पर केस दर्ज, गुंडागर्दी, जमीन कब्जा करने के मामले में एक्शन

शिकायत के मुताबिक, विनय सिंह खुद को पूर्व सांसद धनंजय सिंह का रिश्तेदार होने का दावा करते हुए अपने मोबाइल फोन पर लोगों की उनसे बात कराता है। घटना के समय भी वह धनंजय से बात करा रहा था और उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहा था।

Image

पूर्व सांसद धनंजय सिंह (फोटो-ट्विटर)

लखनऊ : एक व्यक्ति के साथ मारपीट के मामले में पूर्व सांसद धनंजय सिंह, दो नामजद और आठ-दस अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मंगलवार को सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता कौशल तिवारी ने कहा कि उनके घर के आगे मांडवी सिंह (नामजद आरोपी विनय सिंह की पत्नी) ने 4,500 वर्ग फुट जमीन खरीदकर एक मकान बनवाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विनय सिंह और उसके 8-10 साथी गुंडागर्दी के दम पर हर दिन लोगों के साथ मारपीट कर उनकी जमीन कब्जा करते हैं। सिंह के साथ सुरक्षाकर्मी भी होता है।

न्यूज एजेंसी पीटीआई/भाषा के हवाले से शिकायत के मुताबिक, विनय सिंह खुद को पूर्व सांसद धनंजय सिंह का रिश्तेदार होने का दावा करते हुए अपने मोबाइल फोन पर लोगों की उनसे बात कराता है। घटना के समय भी वह धनंजय से बात करा रहा था और उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहा था। शिकायतकर्ता ने यह भी कहा कि विनय सिंह और उसके साथियों ने कॉलोनी की ओर जाने वाली एक सड़क पर एक दीवार खड़ी कर रास्ता बंद करने की कोशिश की। 29 दिसंबर को जब वह और अन्य लोग इसका विरोध कर रहे थे तो विनय सिंह और अन्य लोगों ने अपनी लाइसेंसी बंदूक निकाल ली और उन्हें जान से मारने की धमकी दी।

इन धाराओं में केस

कौशल तिवारी द्वारा की गई शिकायत पर पूर्व सांसद धनंजय सिंह, विनय सिंह (जौनपुर जिले में महाराजगंज के ब्लॉक प्रमुख), विनय सिंह के सुरक्षाकर्मी और 8-10 अज्ञात लोगों के खिलाफ सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया। यह मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 191(2), 191(3), 190, 115(2), 352, 351(3), 127(1), 74 और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार रोधी) कानून के तहत दर्ज किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस थाने के प्रभारी उपेंद्र सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article