कैनेडियन चैंबर्स ने सीएम योगी से की मुलाकात, यूपी में निवेश और पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर
- Edited by: Nilesh Dwivedi
- Updated Jan 4, 2026, 09:13 PM IST
रविवार को कैनेडियन हिंदू चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की और उत्तर प्रदेश में निवेश के अवसरों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए राज्य में एमएसएमई, पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में निवेश के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक में राज्य के आर्थिक विकास, इंफ्रास्ट्रक्चर और सांस्कृतिक संभावनाओं पर भी व्यापक जानकारी साझा की गई।
कैनेडियन हिंदू चैंबर्स ने की सीएम योगी से मुलाकात
Canadian Hindu Chambers Meet CM Yogi: रविवार को कैनेडियन हिंदू चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल के सभी 24 सदस्यों का गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संगठन के संस्थापक अध्यक्ष नरेश कुमार चावड़ा ने किया। बैठक में प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश में एमएसएमई, धार्मिक पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में निवेश की अपनी रुचि व्यक्त की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से हर संभव सहायता का भरोसा दिया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने सदस्यों को अयोध्या में रामलला, काशी में काशी विश्वनाथ धाम और प्रयागराज में भ्रमण के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल से प्रधानमंत्री की सोच के अनुरूप ट्रेड, टेक्नोलॉजी और टूरिज्म के क्षेत्र में नए प्रयास बढ़ाने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले त्योहारों के समय बाजार चीनी उत्पादों से भरे रहते थे, लेकिन 2018 में उत्तर प्रदेश सरकार ने परंपरागत उद्यमों को ‘एक जिला-एक उत्पाद’ योजना के माध्यम से बढ़ावा दिया। इन उत्पादों को डिजाइन, तकनीक और प्लेटफॉर्म मुहैया कराए गए और उन्हें यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में प्रदर्शित करने का अवसर भी दिया जाएगा।
एक जिला-एक उत्पाद की योजना
सीएम ने बताया कि आज उत्तर प्रदेश के बाजार से चीनी उत्पाद पूरी तरह गायब हो चुके हैं और सरकार सभी 96 लाख एमएसएमई यूनिट्स का समर्थन कर रही है, जो लगभग ढाई करोड़ परिवारों की आजीविका से जुड़ी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘एक जिला-एक उत्पाद’ योजना के जरिए स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग की गई है और अब इन्हें बड़े मंचों पर उपहार स्वरूप भी प्रस्तुत किया जा रहा है। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी और सबसे तेजी से उभरने वाली अर्थव्यवस्था है, जबकि उत्तर प्रदेश शीर्ष तीन राज्यों में शामिल है और यहां देश की सबसे बड़ी आबादी रहती है। सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश में निवेश और सुरक्षा की बेहतर स्थिति पर जोर देते हुए कहा कि राज्य संभावनाओं से भरा है। सीएम ने बताया कि गत वर्ष हुए ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 40 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिनमें से 15 लाख करोड़ रुपये की ग्राउंड ब्रेकिंग हो चुकी है। बाकी प्रस्तावों को फिर से निवेश के लिए तैयार किया जा रहा है।
यूपी में इन चीजों का योगदान
सीएम ने प्रतिनिधिमंडल को कहा कि कैनेडियन चैंबर्स के सदस्य यूपी में निवेश, तकनीक और एफडीआई लाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। एफडीआई और फार्चून 500 कंपनियों के लिए राज्य में विशेष नीति बनाई गई है। सीएम ने यह भी बताया कि उत्तर प्रदेश भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का प्रतिनिधित्व करता है। राज्य में गत वर्ष संपन्न महा कुंभ में 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने आस्था जताई। साथ ही, उत्तर प्रदेश में प्रचुर जल संसाधन और उपजाऊ भूमि भी उपलब्ध हैं, जो निवेश और कृषि दोनों के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान करती हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले वर्षों में राज्य में इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में विशेष सुधार किए गए हैं। उत्तर प्रदेश के पास देश का 55 प्रतिशत एक्सप्रेसवे नेटवर्क, सबसे बड़ा रेल नेटवर्क और सर्वाधिक शहरों में मेट्रो, रैपिड रेल और पहला वाटरवे संचालित है।
नोएडा में इन चीजों का विकास
सीएम ने बताया कि राज्य में 11 घरेलू और 4 अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट काम कर रहे हैं, जबकि एशिया के सबसे बड़े एयरपोर्ट जेवर का शुभारंभ जल्द होने वाला है। उन्होंने कहा कि नोएडा में फिल्म सिटी, अपैरल पार्क और लॉजिस्टिक हब का विकास किया जा रहा है। इसके अलावा, राज्य में चार डेटा सेंटर पहले से संचालित हैं और छह नए डेटा सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह भी बताया कि उत्तर प्रदेश में पिछले आठ साल से अराजकता नहीं रही और राज्य में कानून-व्यवस्था मजबूत है। उन्होंने लखनऊ में बन रही एआई सिटी का उल्लेख करते हुए उद्यमियों को निवेश और तकनीक के अवसरों के प्रति जागरूक किया। सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश में किसानों द्वारा उत्पादित खाद्यान्न के निर्यात में कनाडा और अन्य देशों के निवेश की संभावनाएं हैं।
इन्वेस्ट इंडिया-इन्वेस्ट कनाडा का आयोजन
साथ ही, राज्य में बुद्ध और जैन तीर्थस्थलों की संख्या सर्वाधिक है, जिससे पर्यटन क्षेत्र में कैनेडियन चैंबर्स के सदस्य महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने निवेशकों को बताया कि राज्य के सभी तीर्थस्थलों तक एयर और रोड कनेक्टिविटी काफी अच्छी है। प्रतिनिधिमंडल के संस्थापक अध्यक्ष और चेयरमैन बोर्ड ऑफ ट्रस्टी नरेश कुमार चावड़ा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि कनाडा में प्रत्येक वर्ष आयोजित होने वाला ‘इन्वेस्ट इंडिया-इन्वेस्ट कनाडा’ इस वर्ष 2026 में तीन बार आयोजित किया जाएगा, जिनमें से दो आयोजन उत्तर प्रदेश केंद्रित होंगे। नरेश कुमार चावड़ा ने कहा कि उनकी टीम एमएसएमई, धार्मिक पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में उत्तर प्रदेश में सक्रिय रहेगी। जुलाई- अगस्त और दिसंबर-जनवरी में प्रवासी भारतीय बच्चों को यूपी में धार्मिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। इसके अलावा, राज्य में 50 बेड का हॉस्पिटल और सीनियर सिटिजन होम्स की स्थापना भी की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।