भारतीय महिला कुश्ती खिलाड़ियों ने मंगलवार को विश्व चैंपियनशिप में नया इतिहास रचा जब पदार्पण कर रही काजल ढोचक और नीलम सिरोही ने स्वर्ण पदक के मुकाबलों में जगह बनाकर सुनिश्चित किया कि पहली बार इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के एक ही सत्र में देश की दो महिला पहलवान विश्व खिताब के लिए चुनौती पेश करेंगी।
छब्बीस साल की नीलम ने 50 किग्रा वर्ग में कजाखस्तान की जेनेप बायानोवा को 7-3 से हराकर फाइनल में जगह बनाई जहां उनका सामना जापान की दिग्गज पहलवान यूई सुसाकी से होगा। वह विश्व चैंपियनशिप के खिताबी मुकाबले में पहुंचने वाली भारत की दूसरी महिला पहलवान बन गईं। इसके तुरंत बाद 18 वर्षीय काजल ने भी यह उपलब्धि हासिल कर ली। उन्होंने 76 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में किर्गिस्तान की अनुभवी पहलवान आइपेरी मेडेट काइजी को 10-7 से हराकर शानदार वापसी की। इसके साथ ही वह खिताबी मुकाबले में पहुंचने वाली भारत की तीसरी पहलवान बन गईं।
हरियाणा के सोनीपत जिले के लाठ गांव की रहने वाली काजल का फाइनल में सामना यूक्रेन की यूरोपीय चैंपियन अनास्तासिया अल्पयेयेवा से होगा।मंगलवार से पहले विश्व चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने वाली एकमात्र भारतीय महिला पहलवान अंशु मलिक थीं जिन्होंने 2021 में रजत पदक जीता था। ऐसे में एक ही दिन दो भारतीय महिलाओं का फाइनल में पहुंचना देश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है।
पहली बार सीनियर विश्व चैंपियनशिप में हिस्सा ले रही दो बार की अंडर-20 विश्व चैंपियन काजल की शानदार जीत में उनकी ताकत, रणनीतिक समझ और हार नहीं मानने का जज्बा देखने को मिला। वह पहले पीरियड में 1-7 से पिछड़ने के बावजूद मुकाबले में डटी रहीं और जीत दर्ज कीं। जीत के बाद भावुक काजल मैट पर औंधे मुंह लेट गईं। उन्होंने हाथों से अपना चेहरा ढक लिया और रोने लगीं।
इससे पहले नीलम ने बायानोवा को 7-3 से हराकर स्वर्ण पदक के लिए जापान की दिग्गज पहलवान सुसाकी से भिड़ने का मौका पाया। सुबह के सत्र में काजल ने लिथुआनिया की कामिले ग्रिस्किएने गौकाइटे को चित करके मुकाबला जीतने के बाद मंगोलिया की दावासानान एंख अमार को 9-2 से हराया।
नीलम ने प्री क्वार्टर फाइनल में बेलारूस की नतालिया वराकिना को 6-0 से शिकस्त दी। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में शीर्ष वरीयता प्राप्त रूसी पहलवान एलिजावेता स्मिरनोवा चोट के कारण मुकाबले से हट गईं जिससे नीलम सेमीफाइनल में पहुंच गईं। दिलचस्प बात यह है कि नीलम और काजल दोनों ही एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम में जगह बनाने में नाकाम रही थीं। उन्हें क्रमशः दीपांशी और प्रिया मलिक के खिलाफ अंतिम ट्रायल मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा था।
मथुरा की रहने वाली नीलम नजफगढ़ स्टेडियम में भारतीय महिला कुश्ती टीम के मुख्य कोच वीरेंद्र दहिया और प्रवेश राठी के मार्गदर्शन में अभ्यास करती हैं। नीलम कुश्ती से जुड़े परिवार से आती हैं। उनके दोनों चाचा, बहन और दादा भी कुश्ती से जुड़े रहे हैं। महिला 65 किग्रा वर्ग में रजनीता ने क्वालीफिकेशन मुकाबले में 2024 विश्व चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता यूक्रेन की कैटरीना जेलेनिख को 8-6 से हराकर बड़ा उलटफेर किया।
हालांकि इसके बाद प्री क्वार्टर फाइनल में उन्हें मोल्दोवा की इरिना रिंगाची के खिलाफ तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर हार का सामना करना पड़ा।
रजनीता अब भी पदक की दौड़ में बनी हुई हैं। रेपेचेज मुकाबले में उनका सामना जापान की नाना इकेहाता से होगा। महिला 57 किग्रा वर्ग में नेहा शर्मा ने अल्जीरिया की अचौआक जमिला टेकुक को कड़े मुकाबले में 4-2 से हराकर प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। अगले दौर में उन्हें बेलारूस की इरीना कुराचकिना के खिलाफ 1-4 से हार का सामना करना पड़ा और वह प्रतियोगिता से बाहर हो गईं। इससे पहले भारत के ग्रीको रोमन पहलवानों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। केवल ललित (55 किग्रा) पदक दौर में पहुंच सके जबकि अन्य पहलवान प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे।
(भाषा)
