शहर

VIDEO: यूपी के संभल में खूब गरजा बुलडोजर, अवैध मजार और कब्रों को मिट्टी में मिलाया, 8 बीघा सरकारी जमीन मुक्त

UP Bulldozer Action: यूपी के संभल जिले के गुन्नौर तहसील के इकौना गांव में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 8 बीघा सरकारी चारागाह भूमि को कब्जामुक्त कराया है। तहसीलदार रवि सोनकर की मौजूदगी में हुई इस कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे।

Image

संभल में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

Photo : Times Now Digital

UP Bulldozer Action: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में अवैध कब्जों और अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन का सख्त रुख एक बार फिर देखने को मिला है। जिले की गुन्नौर तहसील क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव इकौना में सरकारी जमीन को भू-माफियाओं और अवैध कब्जों से मुक्त कराने के लिए प्रशासन ने एक बड़ा अभियान चलाया। इस कार्रवाई के तहत चारागाह और बंजर भूमि पर अवैध रूप से बनाई गई मजार और कई कब्रों को बुलडोजर (जेसीबी) की मदद से पूरी तरह ध्वस्त (Bulldozer Action in Sambhal) कर दिया गया।

बिना अनुमति के मजार और कब्रों का निर्माण

यह पूरी कार्रवाई उपजिलाधिकारी (एसडीएम) विकास चंद्र के दिशा-निर्देशन में राजस्व विभाग और कैला देवी थाना पुलिस की एक संयुक्त टीम द्वारा अंजाम दी गई। जानकारी के अनुसार, इकौना गांव में चारागाह और बंजर श्रेणी की लगभग सात से आठ बीघा बेशकीमती सरकारी जमीन पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा था। इस जमीन पर बिना किसी अनुमति के मजार और कब्रों का निर्माण करा दिया गया था। जब इस अतिक्रमण की शिकायत जिला प्रशासन तक पहुंची, तो राजस्व विभाग ने भूमि का सीमांकन कर मामले की गहन जांच की। जांच में अवैध कब्जे की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने इसे हटाने का कड़ा फैसला लिया।

कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल मौके पर रही मौजूद

शनिवार को गुन्नौर के तहसीलदार रवि सोनकर राजस्व कर्मियों की टीम और भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। किसी भी प्रकार के विरोध या कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए मौके पर पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा। अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी मशीनों ने अवैध रूप से बने निर्माणों को जमींदोज कर दिया और सात-आठ बीघा जमीन को दोबारा सरकारी नियंत्रण में ले लिया। तहसीलदार रवि सोनकर ने बताया कि सरकारी जमीनों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसी संपत्तियों के खिलाफ अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी रहेगा।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article