Patna News: बिहार में शिक्षक भर्ती (BPSC TRE 4) का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थी आज पटना कॉलेज में प्रदर्शन के लिए उतरने वाले थे। इससे पहले की अभ्यर्थी प्रदर्शन शुरू करते, प्रशासन ने कई छात्रों को हिरासत में ले लिया। छात्रों की योजना अपने प्रदर्शन के दौरान पटना कॉलेज से डाकबंगला के रास्ते BPSC कार्यालय तक जाने था। लेकिन छात्रों का प्रदर्शन शुरू हो पाता, उससे पहले ही प्रशासन ने एक-एक कर छात्रों को हिरासत में लेना शुरू कर दिया।
अभ्यर्थियों के प्रदर्शन को देखते हुए पटना कॉलेज के पास ही भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई थी। प्रदर्शन को देखते हुए यहां वाटर कैनन की भी व्यवस्था की गई है। इस दौरान पुलिस प्रशासन की तरफ से अभ्यर्थियों को खींचकर जबरदस्ती गाड़ी में बंद करके ले जाया गया।
पिछली बार करना पड़ा था लाठी चार्ज
बता दें कि पिछली बार जब शिक्षक भर्ती के लिए अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन किया था तो उसमें लाठीचार्ज करना पड़ा था। इस बार प्रशासन पहले ही सजग है और प्रदर्शन को लेकर काफी एक्टिव नजर आए। बता दें बिहार में शिक्षक भर्ती (Teacher Recruitment Examination-4) बड़ा मुद्दा बना हुआ है।
आने वाले दिनों में बड़ा हो सकता है आंदोलन
भर्ती प्रक्रिया में देरी और नियमों को लेकर भ्रम व विज्ञापन जारी न होने के कारण अभ्यर्थियों में लगातार नाराजगी भी बढ़ रही है। TRE-4 में देरी को लेकर बिहार में अभ्यर्थियों का विरोध प्रदर्शन लगातार देखने को मिल रहा है। जानकारों का यह भी मानना है कि अगर सरकार इस विषय में समय पर स्पष्ट निर्णय नहीं लेती है तो आने वाले महीनों में आंदोलन और भी व्यापक हो सकता है।
BPSC TRE-4, बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) द्वारा आयोजित शिक्षक भर्ती परीक्षा का चौथा चरण है। बिहार सरकार राज्य के सरकारी स्कूलों में टीचर्स की नियुक्ति के लिए TRE परीक्षा आयोजित करा रही है। इससे पहले TRE-1, TRE-2 और TRE-3 के जरिए सरकारी स्कूलों के लिए हजारों शिक्षकों की भर्ती हो चुकी है। TRE-4 के जरिए भी बड़ी संख्या में शिक्षकों की नियुक्ति की जानी है।
