शहर

दुबई में जहाज से फोटो खींचना पड़ा भारी, गोपालगंज के युवक को 10 साल की सजा; परिवार ने सरकार से लगाई मदद की गुहार

Bihar Youth Dubai Jail Case: बिहार के गोपालगंज के रहने वाले वसीम अकरम को दुबई की अदालत ने विमान के अंदर मोबाइल से फोटो और वीडियो बनाने के आरोप में 10 साल की सजा सुनाई है।

Image

दुबई में बिहार के युवक को 10 साल की सजा (Photo: AI Generated)

Bihar Youth Dubai Jail Case: बिहार के गोपालगंज जिले (Gopalganj News in Hindi) के एक युवक की जिंदगी अचानक मुश्किलों में घिर गई है। परिवार की बेहतर जिंदगी और रोजी-रोटी की तलाश में दुबई गए वसीम अकरम को वहां की अदालत ने 10 साल की सजा सुनाई है। आरोप है कि उसने मोबाइल फोन से विमान की तस्वीरें और वीडियो बनाए थे, जिसे दुबई के कानून के तहत गंभीर अपराध माना गया। इस खबर के गांव पहुंचते ही परिवार में मातम जैसा माहौल हो गया। वसीम अकरम नगर थाना क्षेत्र के रफी इंदरवा गांव का रहने वाला है। करीब 22 महीने पहले वह रोजगार की तलाश में दुबई गया था। वहां मजदूरी करके वह अपने माता-पिता, पत्नी और बच्चों का खर्च चलाता था। परिवार पूरी तरह उसकी कमाई पर निर्भर था।

दुबई में सुरक्षा और गोपनीयता से जुड़े कानून बेहद सख्त

परिजनों के अनुसार वसीम मेहनती और शांत स्वभाव का युवक है, जिसने कभी किसी गलत काम में हिस्सा नहीं लिया। परिवार का कहना है कि वसीम ने अनजाने में उड़ते विमान के अंदर से कुछ तस्वीरें और वीडियो बना लिए थे। लेकिन दुबई में सुरक्षा और गोपनीयता से जुड़े कानून बेहद सख्त हैं। इसी मामले में स्थानीय अदालत ने उसे 10 साल के कठोर कारावास की सजा सुना दी। फैसले के बाद परिवार पूरी तरह टूट गया है। वसीम की मां शायदा खातून का कहना है कि उनके बेटे का कोई गलत इरादा नहीं था। उन्होंने बताया कि घर की आर्थिक हालत पहले से ही कमजोर है और अब परिवार के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है।

जिलाधिकारी ने दिया मदद का पूरा भरोसा

वसीम की पत्नी सलमा खातून और दो छोटे बच्चों का सहारा भी वही था। शुक्रवार को वसीम की मां, पत्नी और अन्य परिवार के सदस्य गोपालगंज कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा से मिलकर बेटे की रिहाई और भारत वापसी की मांग की। जिलाधिकारी ने परिवार को भरोसा दिया कि उनके आवेदन को सरकार और संबंधित विभागों तक पहुंचाया जाएगा और हरसंभव मदद की कोशिश की जाएगी। यह घटना विदेशों में काम करने वाले लोगों के लिए भी एक बड़ी सीख मानी जा रही है कि दूसरे देशों के कानूनों की जानकारी और सावधानी बेहद जरूरी है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article