शहर

विधवा हो जाएगा राज्य, जानें नीतीश के राज्यसभा जाने पर किसने कही ये बात

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार की सक्रिय राजनीति से दूर राज्यसभा जाने का फैसला कर लिया है। कल उन्होंने इसके लिए नामांकन भी कर दिया। इस बीच उनके बिहार से बाहर जाने पर उनके बहनोई की कड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है।

Image

बिहार छोड़ अब दिल्ली चले नीतीश कुमार

जब से बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सीएम पद छोड़कर राज्यसभा जाने की खबरें आईं, तब से ही बिहार की राजनीति में हलचल है। फिर कल यानी गुरुवार 5 मार्च की सुबह स्वयं नीतीश कुमार ने इसकी घोषणा की और दोपहर करीब उन्होंने राज्यसभा के लिए नामांकन भी भर दिया। लेकिन नीतीश कुमार को चाहने वाले लोग इस बात को हजम ही नहीं कर पा रहे हैं कि वह बिहार छोड़कर दिल्ली चले जाएंगे। समर्थकों के साथ ही परिवार और नाते-रिश्तेदारों की तरफ से भी नीतीश के राज्यसभा जाने पर प्रतिक्रिया सामने आयी है। यहां तक कहा गया है कि नीतीश कुमार के बिहार छोड़कर जाने से राज्य विधवा हो जाएगा।

नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में भी नाराजगी दिख रही है। उनकी छोटी बहन इंदू ने कहा कि अगर भईया बिहार की सक्रिय राजनीति से दूर होते हैं तो राज्य को उनकी कमी बहुत ज्यादा महसूस होगी। उन्होंने कहा कि नीतीश ने अपना पूरा जीवन ही बिहार की सेवा और विकास के लिए समर्पित कर दिया है। ऐसे में अगर वह राज्यसभा जाते हैं तो बिहार खाली-खाली सा लगेगा।

लेकिन नीतीश कुमार के बहनोई का बयान ज्यादा चर्चा में हैं। उनके बहनोई अनिल कुमार ने नीतीश के राज्यसभा जाने के फैसले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अगर नीतीश कुमार बिहार की राजनीति से दूर होते हैं, तो राज्य को बड़ा नुकसान होगा। अनिल कुमार ने तो यहां तक कहा कि नीतीश कुमार के बिना बिहार 'विधवा' जैसा हो जाएगा। उनके इस बयान की काफी चर्चा हो रही है।

बता दें कि नीतीश कुमार ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के बाद 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। विधानसभा चुनाव में NDA ने उनके चेहरे को सामने रखकर चुनाव लड़ा और बड़ी जीत दर्ज की। इससे पहले वह 6 बार लोकसभा चुनाव जीतकर दिल्ली जा चुके हैं। लंबे समय तक बिहार की राजनीति में सक्रिय रहने के बाद उन्होंने राज्यसभा चुनाव लड़ने की घोषणा की।

नीतीश कुमार ने कल यानी गुरुवार 5 मार्च को राज्यसभा के लिए नामांकन कर दिया है। माना जा रहा है कि नीतीश के सीएम पद से इस्तीफे के बाद यह कुर्सी किसी भाजपा नेता को मिल सकती है। इस तरह से बिहार में पहली बार भाजपा का मुख्यमंत्री बनने का रास्ता भी साफ हो जाएगा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article