शहर

Bihar Weather: बिहार में बढ़ी सर्दी, शीतलहर की हुई वापसी; कोहरा-पछुआ भी ढाएगा कहर

Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 18-December-2025 पटना, गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर में जाने आज बारिश होगी या नहीं? के मौसम का पूर्वानुमान: बिहार में एक ओर शीतलहर और घना कोहरा है, तो दूसरी ओर पश्चिमी विक्षोभ से ठंडी हवाएं और बारिश की संभावना बन रही है। भागलपुर और समस्तीपुर में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया है, जबकि कैमूर में यह 6.8 डिग्री दर्ज हुआ। आइए जानते हैं कैसा रहने वाला है बिहार का मौसम।

Image

बिहार में ठंड के साथ कोहरे का डबल अटैक

Photo : Times Now Digital

Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 18-December-2025: दिसंबर आधा बीत चुका है और इसी लिहाज से बिहार में सर्दी अपने तीखे तेवर दिखाने लगी है। उत्तर भारत के साथ-साथ राज्य में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, बिहार इस वक्त ‘डबल अटैक’ की चपेट में है, एक ओर शीतलहर और घना कोहरा, तो दूसरी ओर पश्चिमी विक्षोभ के असर से बारिश और ठंडी हवाओं की संभावना। सुबह के वक्त छाया कोहरा पहले ही आम जनजीवन और यातायात को प्रभावित कर रहा है, जबकि आने वाले कुछ दिन और ज्यादा चुनौतीपूर्ण माने जा रहे हैं।

पश्चिमी विक्षोभ से बढ़ी ठिठुरन

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक 17 दिसंबर से सक्रिय हुआ पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी इलाकों में असर दिखा रहा है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इसका सीधा असर बिहार के मैदानी क्षेत्रों पर पड़ रहा है, जहां पहाड़ों से उतरने वाली सर्द पछुआ हवाएं तापमान को लगातार नीचे धकेल रही हैं। विभाग का कहना है कि इसके चलते राज्य के कई हिस्सों में बादल छा सकते हैं और हल्की बारिश या बूंदाबांदी की स्थिति भी बन सकती है।

बिहार में कैसा रहेगा मौसम

राज्य में रात के तापमान में तेज गिरावट दर्ज की जा रही है। भागलपुर के सबौर और समस्तीपुर के पूसा जैसे इलाकों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। राजधानी पटना में भले ही पारा अभी 14 डिग्री के आसपास है, लेकिन तेज ठंडी हवाओं के कारण सुबह और शाम की ठंड ज्यादा महसूस हो रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले एक हफ्ते में तापमान में 3 से 4 डिग्री तक और गिरावट आ सकती है।

ग्रामीण इलाकों में पाले का खतरा

लगातार गिरते तापमान के बीच ग्रामीण इलाकों के लिए पाले की चेतावनी भी अहम हो गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगर रातें और ठंडी होती हैं तो खेतों में पाला गिरने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। इससे फसलों को नुकसान का खतरा बढ़ सकता है, खासकर सब्जियों और रबी की फसलों पर असर पड़ सकता है। सुबह के समय घना कोहरा रेल और सड़क यातायात के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सारण और गोपालगंज में भारी कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। विजिबिलिटी कम होने से हाईवे और रेलवे ट्रैक पर आवाजाही प्रभावित हो सकती है।

22 दिसंबर के बाद और सख्त होगी सर्दी

मौसम विभाग के अनुसार 22 दिसंबर के बाद बिहार में शीतलहर का असर और तेज हो सकता है। घने कोहरे के साथ-साथ न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री तक और गिरावट आने की संभावना है। विशेषज्ञों का मानना है कि 19 दिसंबर के बाद ठंड की तीव्रता में अचानक बढ़ोतरी महसूस की जा सकती है।

पिछले 24 घंटे का मौसम हाल

बीते 24 घंटों में बिहार में सबसे कम न्यूनतम तापमान कैमूर जिले में 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मुजफ्फरपुर, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, रोहतास और गया में भी रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा। वहीं दिन का सबसे अधिक तापमान फारबिसगंज में 28.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अधिकांश जिलों में दिन के तापमान में भी करीब 2 डिग्री तक की गिरावट देखी गई, जिसकी वजह दिनभर बनी रही धुंध को माना जा रहा है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article