शहर

बिहार में बनेंगे दो हाई-स्पीड ग्रीनफील्ड कॉरिडोर, केंद्र के पास पहुंची फाइल

बिहार में दो अत्याधुनिक हाई-स्पीड ग्रीनफील्ड कॉरिडोर बनने जा रहे हैं। बिहार सरकार ने इन दोनों परियोजनाओं को केंद्र सरकार की मंजूरी के लिए भेजा है। 225 और 250 किमी की यह परियोजनाएं बिहार की कनेक्टिविटी को पंख देंगी।

Image

बिहार में दो हाई-स्पीड ग्रीनफील्ड कॉरिडोर विकसित होंगे

बिहार में हाल ही में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए बजट पेश किया गया, जिसमें दो नए हाई-स्पीड ग्रीनफील्ड कॉरिडोर बनाने की बात कही गई। कल यानी मंगलवार 10 फरवरी को पथ निर्माण मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने पथ निर्माण विभाग का बजट सदस्यों के सामने रखा। उन्होंने 8 लाख, 26 हजार, 16 करोड़ रुपये के सकल प्रावधान को मंजूरी देने का आग्रह किया। इस दौरान मंत्री ने राज्य में रोड इंफ्रास्ट्रक्चर को सशक्त बनाने और कनेक्टिविटी को सुधारने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं के बारे में जानकारी दी।

ये दो हाई-स्पीड ग्रीनफील्ड कॉरिडोर बनेंगे

डॉ. जायसवाल ने बताया कि दो हाई-स्पीड ग्रीन कॉरिडोर पशुपतिनाथ-वैद्यनाथ कॉरिडोर और नारायणी-गंगा कॉरिडोर के प्रस्ताव को केंद्र सरकार की स्वीकृति के लिए भेजा गया है। 250 किलोमीटर लंबा पशुपतिनाथ-बैद्यनाथ हाई-स्पीड कॉरिडोर नेपाल बॉर्डर के पास भीमनगर से शुरू होकर चानन तक जाएगा। इसका प्रस्तावित मार्ग पसराहा, अगवानी घाट, सुल्तानगंज और कटोरिया से रहेगा।

वहीं, दूसरी तरफ 225 किलोमीटर लंबा नारायणी-गंगा हाई-स्पीड कॉरिडोर बगहा स्थित एनएच-727ए से शुरू होकर भोजपुर जिले के पातर तक बनाया जाएगा। मंत्री ने बताया कि इस परियोजना के पूरा होने से भोजपुर, सारण, सिवान, गोपालगंज और पश्चिमी चंपारण जिलों को बेहतरीन कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।

5000 किमी सिंगल सड़कों को किया जाएगा अपग्रेड

मंत्री ने विधानसभा में अपने संबोधन के दौरान कहा, सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी यात्री अपनी यात्रा शुरू करने के 20 किमी के भीतर ही फोर-लेन सड़क तक पहुंच सके। उन्होंने जानकारी दी कि सड़क विस्तार योजना के तहत 5000 किलोमीटर सिंगल लेन सड़कों को चरणबद्ध तरीके से दो लेन या उससे अधिक चौड़ा किया जाएगा, जो वहां उपलब्ध संसाधनों पर निर्भर करेगा।

डॉ. जायसवाल ने बिहार में प्रस्तावित पांच एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं के बारे में भी जानकारी दी। बक्सर-भागलपुर एक्सप्रेस-वे की मंजूरी की प्रक्रिया पर बात करते हुए उन्होंने बताया गया है और इसकी डीपीआर तैयार की जा रही है। रक्सौल-हल्दिया, पटना-पूर्णिया, गोरखपुर-सिलीगुड़ी और वाराणसी-रांची-कोलकाता एक्सप्रेस-वे के री-अलाइनमेंट के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है। ‘सात निश्चय-3’ कार्यक्रम के तहत एक्सप्रेस-वे विकास की निगरानी के लिए एक समिति का गठन भी किया गया है।

इसके अलावा, सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने बिहार में राष्ट्रीय राजमार्गों पर 19 रेलवे क्रॉसिंग पर रोड ओवरब्रिज (ROB) निर्माण को मंजूरी दी है। इनमें से 12 का निर्माण कार्य पूरा भी हो चुका है, जबकि छह स्थानों पर कार्य प्रगति पर है। राज्य में 44 अन्य स्थानों पर भी ROB निर्माण के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं, जिन्हें बिहार राज्य पुल निर्माण निगम और बिहार राज्य सड़क विकास निगम के जरिए से पूरा किया जाएगा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!