शहर

Pappu Yadav Hunger Strike : छात्रों के समर्थन में अब भूख हड़ताल पर बैठे पप्पू यादव; 70वीं BPSC परीक्षा रद्द कर नए सिरे से कराने की मांग

निर्दलीय सांसद पप्पू यादव अब छात्र प्रदर्शनकारियों के समर्थन में उतर आए हैं। यहां 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर उन्होंने गर्दनीबाग में भूख हड़ताल शुरू कर दी है।

Image

पप्पू यादव ने शुरू की भूख हड़ताल। (फोटो- PTI)

बिहार में 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) परीक्षा में कथित अनियमितताओं और भर्ती से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर छात्रों का आंदोलन कई दिनों से जारी है। वहीं अब पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव भी इन छात्रों के समर्थन में उतर आए हैं। रविवार को पटना के गर्दनीबाग स्थित प्रदर्शन स्थल पर पप्पू यादव भी छात्र-छात्राओं के साथ भूख हड़ताल पर बैठ गए।

13 दिनों से अनशन पर हैं शोधार्थी

बता दें कि बिहार के गर्दनीबाग में शोधार्थी, BPSC और बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) के अभ्यर्थी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों के मुद्दों में सहायक प्रोफेसर भर्ती से जुड़े नए नियम और राज्य सिविल सेवा परीक्षा में कथित विसंगतियां शामिल हैं। इसे लेकर पप्पू यादव ने कहा कि छात्र पिछले 13 दिनों से भूख हड़ताल पर हैं, लेकिन उनकी मांगों को सुनने वाला कोई नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि न तो मुख्यमंत्री और न ही बिहार के शिक्षा मंत्री छात्रों की समस्याओं पर ध्यान दे रहे हैं।

70वीं BPSC परीक्षा रद्द करने की मांग

इस दौरान पप्पू यादव ने 70वीं BPSC परीक्षा को रद्द कर दोबारा आयोजित कराने की मांग की। उन्होंने परीक्षा में कथित तौर पर अंकों में विसंगति, प्रश्नपत्र लीक की घटनाओं और अन्य अनियमितताओं का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार ने खुद 70वीं BPSC परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने की बात स्वीकार की थी। सांसद ने आरोप लगाया कि जब छात्र इन मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन करते हैं तो उनके साथ पुलिस कार्रवाई की जाती है और उन्हें जेल भेज दिया जाता है।

अंग्रेजी को ज्यादा वेटेज देने का भी उठाया मुद्दा

साथ ही, पप्पू यादव ने सरकारी परीक्षाओं में अंग्रेजी को कथित रूप से अधिक महत्व दिए जाने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने TRE-4 परीक्षा की अधिसूचना को लेकर छात्रों की परेशानियों की बात करते हुए कहा कि हिंदी और अंग्रेजी माध्यम के अभ्यर्थियों के साथ समान व्यवहार होना चाहिए।

पीएम मोदी के 'दिमागी नक्सली' बयान पर भी निशाना

इस दौरान पप्पू यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस भाषण में ‘दिमागी नक्सलियों’ को लेकर दिए गए बयान पर भी हमला बोला। प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को कहा था कि देश में सशस्त्र नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ ‘दिमागी नक्सलियों’ की पहचान कर उन्हें अलग-थलग करने की जरूरत है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article