शहर

Patna News: मनेर थाने के सामने ताबड़तोड़ फायरिंग से हड़कंप; पुलिस ने 12 किलोमीटर दौड़ा कर तीन को पकड़ा 3 बदमाश

Patna News: पटना के मनेर थाने के गेट के सामने लाल यामाहा R15 बाइक से आए तीन युवकों ने हवाई फायरिंग कर दी। दानापुर एसडीपीओ अमरेन्द्र कुमार झा के नेतृत्व में पुलिस ने 12 किमी पीछा कर 30 मिनट के भीतर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

Image

दहशत फैलाने वाले 3 बदमाश अरेस्ट

Patna News: राजधानी पटना से सटे मनेर इलाके में अपराधियों का दुस्साहस देखने को मिला है। शुक्रवार रात बेखौफ बदमाशों ने सीधे मनेर पुलिस स्टेशन के गेट के सामने ही हवाई फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए। हालांकि, घटना के महज 30 मिनट के भीतर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 किलोमीटर तक पीछा कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन और लाल रंग की स्पोर्ट्स बाइक बरामद की है।

बाइक से आए थे तीन बदमाश

घटना की जानकारी देते हुए दानापुर के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (SDPO) अमरेन्द्र कुमार झा ने बताया कि रात करीब 8:30 बजे मनेर थाने के ठीक सामने गोली चलने की सूचना मिली। तीनों आरोपी लाल रंग की यामाहा R15 मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे और भीड़भाड़ वाले इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से थाने के गेट के बाहर एक राउंड फायरिंग की। घटना के तुरंत बाद एक्शन में आई मनेर पुलिस की टीम ने आरोपियों का पीछा करना शुरू किया। लगभग 12 किलोमीटर तक खदेड़ने के बाद छितनावां नई सड़क के पास पुलिस टीम की मदद से घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया गया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान

पुलिस हिरासत में लिए गए तीनों युवकों की पहचान गौतम कुमार, गोविंद कुमार, गोलू कुमार के तौर पर हुई है। दानापुर SDPO अमरेन्द्र कुमार झा ने बताया कि रात 8:30 बजे सूचना मिली कि लाल यामाहा R15 बाइक सवार तीन युवकों ने मनेर थाने के सामने फायरिंग की है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए करीब 12 किलोमीटर पीछा कर छितनावां नई सड़क पर तीनों को दबोच लिया। इनके पास से एक कट्टा, एक कारतूस, बाइक और दो मोबाइल जब्त किए गए हैं। इनका आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है और औपचारिक प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पूरा ऑपरेशन महज आधे घंटे में पूरा कर लिया गया।

पुलिस खंगाल रही आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस के अनुसार प्राथमिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उनका मकसद इलाके में अपना खौफ और दहशत फैलाना था। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि पकड़े गए युवकों का पहले से कोई आपराधिक रिकॉर्ड है या नहीं और क्या ये किसी बड़े आपराधिक गिरोह से जुड़े हुए हैं।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article