शहर

Patna News: बख्तियारपुर में भीषण अग्निकांड, मकान-दुकान में लगी आग; सास-बहू और 6 माह की मासूम बच्ची की जलकर मौत

Patna News: पटना जिले के बख्तियारपुर में शनिवार की देर रात एक मकान और हार्डवेयर दुकान में भीषण आग लग गई। हादसे में सास, बहू और 6 माह की मासूम बच्ची की जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई।

Image

bakhtiyarpur fire

Patna News: राजधानी पटना से सटे बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में शनिवार की देर रात एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। पुरानी बाईपास स्थित एक रिहाइशी मकान और हार्डवेयर दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड की चपेट में आने से एक ही परिवार की तीन महिलाओं- बच्ची, सास, बहू और महज 6 महीने की मासूम बच्ची की जिंदा जलने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

दुकान से भड़की आग

स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, पुरानी बाईपास निवासी पंकज कुमार के मकान और उसी में स्थित हार्डवेयर की दुकान में देर रात अचानक आग की लपटें उठने लगीं। हार्डवेयर दुकान में रखे ज्वलनशील सामानों के कारण आग ने बेहद तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया। जब तक घर के लोग कुछ समझ पाते और बाहर निकल पाते, तब तक आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। धुएं और लपटों के कारण अंदर मौजूद लोगों को संभलने या भागने का मौका तक नहीं मिल सका।

एक ही परिवार की तीन पीढ़ियां खत्म

इस भीषण हादसे में जिन तीन लोगों की जान गई है, उनमें पंकज कुमार की 45 वर्षीय पत्नी रीमा देवी, उनकी 70 वर्षीय मां गीता देवी और 6 महीने की बेटी आस्था शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। तुरंत इसकी जानकारी पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई। बख्तियारपुर थाना पुलिस, अग्निशमन विभाग की गाड़ियां और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।

अनुमंडल पुलिस अधिकारी (SDPO) आयुष श्रीवास्तव और बख्तियारपुर थानाध्यक्ष देवानंद शर्मा ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य की कमान संभाली। दमकलकर्मियों और स्थानीय ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया, जिससे आसपास की अन्य दुकानों और मकानों को इसकी चपेट में आने से बचा लिया गया। SDPO आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि बख्तियारपुर के पुरानी बाईपास में एक मकान में आग लगी, जिसमें नीचे हार्डवेयर दुकान थी और ऊपर लोग रहते थे। हादसे में तीन लोगों झुलसे जिन्हें PHC बख्तियारपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया है। जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article