शहर

बारिश के बीच मौत बनकर गिरी आकाशीय बिजली, बिहार में छह की मौत; पिता के साथ 7 साल के बेटे ने भी गंवाई जान

बिहार के बांका में रविवार को मौसम का कहर कई परिवारों पर टूट पड़ा। जिले के अलग-अलग इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में पिता-पुत्र समेत छह लोगों की जान चली गई। खेतों में काम कर रहे लोगों पर बिजली गिरी, जिससे कई गांवों में मातम पसरा गया।

Image

बिहार में आकाशीय बिजली का कहर

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Bihar Lightning Strike: बिहार के बांका जिले में आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में एक पिता-पुत्र समेत छह लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने की ये घटनाएं रविवार को जिले के तीन थाना क्षेत्रों में हुईं। अपर समाहर्ता (एडीएम) अजीत कुमार ने मौतों की पुष्टि करते हुए कहा कि संबंधित थाना और अंचल कार्यालयों से रिपोर्ट तलब की गई है। उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों को सरकारी प्रावधानों के अनुसार अनुग्रह अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा।

अधिकारियों के अनुसार, बांका थाना क्षेत्र के खाबा गांव में 35 वर्षीय ब्रह्मदेव यादव और उनके सात वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार धान की रोपनी कर रहे थे। उन्होंने बताया कि इसी दौरान बारिश शुरू होने पर दोनों एक पेड़ के नीचे शरण लेने पहुंचे, तभी उन पर आकाशीय बिजली गिरी और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार, इसी थाना क्षेत्र के गोलाहू गांव निवासी 35 वर्षीय इनौद यादव की भी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार, एक अन्य घटना में लीलाबरन गांव में खेत में काम कर रही 30 वर्षीय सरिता देवी की आकाशीय बिजली से मौत हो गई। उन्होंने बताया कि इसके अलावा, बराहाट थाना क्षेत्र के दफरपुर गांव में 55 वर्षीय मजदूर साधु तांती तथा अमरपुर थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव में 35 वर्षीय अजय महतो की भी आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में मौत हो गई।

कैसा रहने वाला है मौसम का हाल?

बात अगर मौसम की करें तो बिहार में आने वाले दिनों में मानसून सक्रिय बना रहेगा और कई जिलों में बारिश, गरज-चमक व तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 3 से 5 अगस्त तक बिहार में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है, जबकि 5 और 6 अगस्त को कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं 3 और 4 अगस्त को बिहार के अलग-अलग हिस्सों में बहुत भारी बारिश की भी आशंका जताई गई है। इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, इसलिए लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है। कुल मिलाकर, अगले कुछ दिनों तक बिहार में बारिश का सिलसिला जारी रहने और मौसम सुहावना रहने के साथ-साथ कुछ इलाकों में तेज बारिश की स्थिति बनने के आसार हैं।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article