Bihar News: बिहार के तीन जिलों में खराब मौसम के बीच वज्रपात की अलग-अलग घटनाओं में 9 लोगों की मौत हो गई। बांका, लखीसराय और पटना में हुई इन घटनाओं पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर वज्रपात से जान गंवाने वाले सभी लोगों के आश्रितों को तत्काल चार-चार लाख रुपये का अनुग्रह अनुदान देने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया है।
बाकां में 5, लखीसराय में 3 और पटना में 1 की मौत
सरकार की ओर से प्रभावित परिवारों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बांका जिले में वज्रपात से पांच लोगों की मौत हुई है। वहीं लखीसराय में तीन और पटना में एक व्यक्ति की जान चली गई। अचानक हुई इन घटनाओं से संबंधित इलाकों में शोक का माहौल है। हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन ने भी स्थिति पर नजर बनाए रखी है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
लोगों से की गई ये अपील
वहीं बात अगर मौसम की करें तो बिहार में अगले कुछ दिनों तक मानसून का असर बना रहेगा। ऐसे में लोगों को बारिश और आकाशीय बिजली के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है। साथ ही, आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से समय-समय पर जारी किए जाने वाले सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। सरकार ने लोगों से अपील की है कि वज्रपात की आशंका होने पर सुरक्षित स्थानों पर रहें और मौसम खराब होने की स्थिति में खुले मैदान, पेड़ या अन्य असुरक्षित स्थानों पर खड़े होने से बचें। मुख्यमंत्री ने नागरिकों से सतर्क रहने और प्रशासन की ओर से जारी चेतावनियों को गंभीरता से लेने का आग्रह किया है।
