बिहार में आज का मौसम (30 March 2026): बिहार में लगातार मौसम बदल रहा है। पिछले कई दिनों से राज्य में कभी धूप तो कभी बारिश का मौसम देखने को मिल रहा है। जिसके कारण तापमान में भी उतार-चढ़ाव दर्ज किया जा रहा है। आज बिहार में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। आसमान साफ रहने के कारण दिन में तेज धूप खिल सकती है। जिसके प्रभाव से तापमान में भी तेजी से बढ़ोत्तरी हो सकती है। ऐसे में कई जिलों में 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच भी दिन का पारा पहुंच सकता है। हालांकि कल फिर से मौसम यू-टर्न लेने वाला है। मौसम विभाग ने 31 मार्च को बिहार में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटे में राज्य में सबसे गर्म जिला कैमूर रहा, यहां का अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज बिहार में तेज धूप के साथ हवाएं चलने की भी संभावना है। सुबह-शाम मौसम खुशनुमा बना रहेगा, लेकिन दिन में तेज धूप लोगों को गर्मी का एहसास कराएगी। बिहार में आज न्यूनतम तापमान 20 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हो सकता है। IMD के अनुसार इस समय तीन वेदर सिस्टम एक साथ सक्रिय हैं। जिनमें वेस्टर्न डिस्टरबेंस, लो प्रेशर बेल्ट और जेट स्ट्रीम शामिल हैं। जिनके प्रभाव से बिहार के मौसम में बदलाव नजर आ रहा है।
बिहार में 31 मार्च को आंधी-बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार बिहार में पूर्वी-पश्चिमी चंपारण, सीवान, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, सारण, दरभंगा, मधुबनी, बक्सर, कैमूर समेत 18 जिलों में आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। जिसके कारण पेड़ उखड़ने और बिजली के खंभे गिरने की आशंका है, इसके अलावा कच्चे मकानों को भी नुकसान पहुंच सकता है। ऐसे में लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। 24 घंटे बाद बिहार के कई हिस्सों में बारिश के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। बारिश के साथ तेज हवाएं चलने से फसलों को भी नुकसान पहुंच सकता है।
बिहार में अगले 5 दिन मौसम का हाल
बिहार में 1 अप्रैल से 3 अप्रैल तक फिर से मौसम शुष्क बने रहने का पूर्वानुमान है। इस अवधि में साफ आसमान रहने से धूप तेज निकलेगी। ऐसे में लोगों को गर्मी परेशान कर सकती है और तापमान में भी उछाल देखने को मिल सकता है। इस दौरान कई हिस्सों में 40 डिग्री के करीब दिन का तापमान पहुंच सकता है। वहीं अधिकतम न्यूनतम तापमान भी 26 डिग्री के करीब आ सकता है। 4 अप्रैल को बिहार के कुछ हिस्सों में फिर से गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं।
