बिहार में आज का मौसम (2 April 2026): बिहार में बारिश थमने के बाद गर्मी एक बार फिर पैर पसारने लगी है। पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक तापमान रोहतास के डेहरी में 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल पूर्वी बिहार के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। जिसके प्रभाव से राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बादल छाने के कारण धूप-छांव का खेल जारी है। बुधवार को भी बादलों की आवाजाही बनी रही, लेकिन कहीं भी बारिश नहीं हुई। हालांकि हल्की हवाएं चलती रहीं और वातावरण में नमी रही। इस कारण गर्मी बहुत ज्यादा महसूस नहीं हुई। आज बिहार का मौसम कैसा रहेगा, आइए जानते हैं।
बिहार में 2 अप्रैल को कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी हिस्से में बने वेदर सिस्टम के प्रभाव से बिहार में आज भी आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं। लेकिन फिलहाल अगले दो दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं है। 4 अप्रैल के बाद एक बार फिर बिहार का मौसम बदलेगा, जिसके बाद फिर से आंधी और बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। इससे पहले मौसम साफ रहने के कारण तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोत्तरी हो सकती है।
बिहार में मार्च में सामान्य से अधिक बरसा पानी
IMD के अनुसार बिहार में मार्च में कुल मासिक बारिश सामान्य से 214 फीसदी अधिक रिकॉर्ड हुई। इस दौरान 24 घंटे में सबसे अधिक बारिश समस्तीपुर के मोहिउद्दीनगर में 21 मार्च को 75.4 मिमी दर्ज की गई। हालांकि इस महीने अरवल, गोपालगंज, रोहतास और सारण में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई। शेष अन्य जिलों में जमकर बारिश हुई, जिसमें सबसे अधिक पूर्णिया में देखने को मिली।
बिहार में अप्रैल में कैसा रहेगा मौसम
मार्च की तरह ही अप्रैल में भी सामान्य से अधिक आंधी-बारिश का दौर रहने की संभावना है। इस महीने दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंचने का अनुमान है। वहीं न्यूनतम तापमान 25 डिग्री से ज्यादा बने रहने की संभावना है। यानी इस महीने गर्मी लोगों को खूब सताने वाली है, बीच-बीच में आंधी-बारिश से भी सामना होता रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार बिहार में फिलहाल 7 अप्रैल तक बारिश का मौसम जारी रहने का पूर्वानुमान है।
