यूपी में आज का मौसम (2 April 2026): उत्तर प्रदेश में बेमौसम बारिश का सिलसिला जारी है। जिससे एक ओर गर्मी से बड़ी राहत बनी हुई है, वहीं दूसरी ओर ये बारिश किसानों के लिए आफत साबित हो रही है। कई जिलों में बारिश और ओले गिरने की वजह से फसलों को भारी नुकसान हुआ है। बुधवार को भी लखनऊ, अमेठी समेत 20 शहरों में रुक-रुककर बारिश हुई। वहीं मंगलवार को कई जिलों में आंधी-बारिश के साथ ओले भी गिरे थे। फिलहाल अप्रैल के पहले सप्ताह में बारिश का मौसम बना रहने वाला है। 2 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है। जिसके कारण यूपी में आगामी दिनों में फिर से आंधी-बारिश और ओले गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। आज यूपी का मौसम कैसा रहेगा, आइए जानें।
यूपी में 2 अप्रैल को कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज यूपी के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। आसमान साफ रहने के कारण दिन में तेज धूप खिली रहेगी। आज कहीं भी बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। कल से फिर मौसम में बदलाव होने वाला है। 3 अप्रैल को यूपी के पश्चिमी हिस्से में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान बिजली गिरने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हवाओं की रफ्तार 50 किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है।
यूपी में 4 अप्रैल से आंधी-बारिश और ओले का अलर्ट
IMD के अनुसार, यूपी में 4 अप्रैल को आंधी-बारिश के साथ ओले गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में बादल गरजने और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। पश्चिमी यूपी में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं साथ ही कहीं-कहीं ओले गिरने की भी संभावना है। वहीं पूर्वी हिस्से में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 5 अप्रैल को यूपी के दोनों हिस्सों में ओले गिरने और आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
यूपी में 7 अप्रैल तक बारिश का दौर जारी
7 अप्रैल तक यूपी में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान है। तापमान की बात करें तो अगले 48 घंटे में अधिकतम तापमान में अचानक 2-4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी होने की संभावना है। जिसके बाद अगले 3 दिनों में इतनी ही गिरावट होने के आसार हैं। वहीं न्यूनतम तापमान में फिलहाल कोई बड़ा बदलाव आने की संभावना नहीं है। पिछले 24 घंटे में यूपी का सबसे गर्म जिला बांदा रहा, यहां का अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिसके बाद प्रयागराज में 38.8 डिग्री, फुरसतगंज में 38.3 डिग्री, कानपुर में 38.2 डिग्री और झांसी में 38.2 डिग्री अधिकतम तापमान रहा। इस दौरान सबसे कम न्यूनतम तापमा उरई में 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
