बिहार में आज का मौसम (1 Mar 2026): बिहार में अब बसंती बयार विदा हो रही है और सूरज के तेवर तीखे होने लगे हैं। मार्च की पहली तारीख के साथ ही प्रदेश में गर्मी ने दस्तक दे दी है। राज्य के सभी 38 जिलों में आसमान साफ है और चिलचिलाती धूप अब लोगों को पसीने छुड़ाने लगी है। मौसम विभाग के ताजा संकेतों के मुताबिक, इस बार मार्च के शुरुआती दिनों में ही पारा चढ़ने से गर्मी का असर समय से पहले बढ़ सकता है।
कैमूर में सबसे ज्यादा तपिश
बिहार में गर्मी की सबसे ज्यादा धमक कैमूर जिले में देखने को मिल रही है, जहां अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। राजधानी पटना समेत गया, भागलपुर और नालंदा जैसे दक्षिण बिहार के जिलों में भी दोपहर की धूप अब चुभने लगी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज यानी 1 मार्च को राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।
अगले 48 घंटों में और चढ़ेगा पारा
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले दो दिनों के भीतर बिहार के न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल भागलपुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री दर्ज किया गया है, लेकिन आने वाले दिनों में रातें भी धीरे-धीरे गर्म होने लगेंगी। उत्तर-पूर्व असम के पास बने चक्रवाती घेरे और 4 मार्च को सक्रिय होने वाले नए पश्चिमी विक्षोभ का असर भी बिहार के मौसम पर देखने को मिल सकता है।
होली पर नहीं है बारिश का साया
होली की तैयारी कर रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। मौसम विभाग ने साफ कर दिया है कि अगले एक हफ्ते तक प्रदेश का मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। इसका मतलब है कि होली के दौरान बारिश, आंधी या तूफान की कोई आशंका नहीं है। हालांकि, मार्च के पहले सप्ताह के अंत तक गर्मी का प्रभाव और अधिक बढ़ जाएगा, जिससे त्योहार के समय अच्छी-खासी तपिश महसूस होगी।
इन जिलों में 32 डिग्री के पार जा सकता है तापमान
उत्तर बिहार के पश्चिम चंपारण, सीवान, मुजफ्फरपुर और दरभंगा से लेकर दक्षिण बिहार के बक्सर, रोहतास और औरंगाबाद तक सभी जिलों में सूरज की तल्खी बढ़ेगी। सुबह और रात के समय अभी भी हल्की गुलाबी ठंड महसूस की जा रही है, लेकिन डॉक्टरों की सलाह है कि बदलते मौसम में लापरवाही न बरतें, क्योंकि दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर सेहत पर भारी पड़ सकता है।
