शहर

बिहार का मौसम (1 April 2026) Bihar Weather Today: बिहार में आज कहीं धूप तो कहीं बरसात, अप्रैल के पहले सप्ताह जारी रहेगा बारिश का दौर

बिहार का मौसम (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 1 April 2026: बिहार में बारिश के कारण अप्रैल की शुरुआत सुहावने मौसम के साथ हो सकती है। आज कुछ जिलों में हल्की बारिश के आसार हैं, जबकि कई जगहों पर मौसम शुष्क रहेगा।

Image

बिहार का मौसम

Photo : Times Now Digital

बिहार में आज का मौसम (1 April 2026): बिहार में अप्रैल माह की शुरुआत कूल-कूल मौसम के साथ हो सकती है। मौसम विभाग ने आज राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। अप्रैल के पहले सप्ताह में बादलों की आवाजाही और बारिश का मौसम बने रहने की संभावना है। जिसके प्रभाव से तेजी से बढ़ती गर्मी पर ब्रेक लगेगा। हालांकि जिन जगहों पर मौसम साफ रहेगा, वहां पर तापमान में उछाल दर्ज किया जा सकता है। 2 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। जिसका प्रभाव बिहार के मौसम पर भी देखने को मिल सकता है। आइए जानते हैं कि आज राज्य के किन हिस्सों में बारिश की संभावना है।

बिहार में 1 अप्रैल को कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार आज बिहार के बक्सर, रोहतास और कैमूर समेत आसपास के हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। लेकिन किसी तरह का कोई अलर्ट आज जारी नहीं किया गया है। बिहार के शेष भागों में शुष्क बने रहने की संभावना है। आसमान साफ रहने के कारण दिन में धूप निकलने के भी आसार हैं। बुधवार को बिहार में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। कुछ जगहों पर यह 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास भी दर्ज किया जा सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज होने की संभावना है।

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बिहार में फिर होगी बारिश

IMD के अनुसार बिहार में 2 और 3 अप्रैल को मौसम शुष्क ही बने रहने के आसार हैं। इस दौरान दिन में तेज धूप खिली रहेगी, जिससे गर्मी का एहसास होगा। हालांकि 4 अप्रैल से फिर बारिश की संभावना जताई जा रही है। 6 अप्रैल को पूरे बिहार में बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। साथ ही 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। जिसको लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम में उलटफेर के साथ ही तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। अगले 3-4 दिनों में बिहार के अधिकतम तापमान में 1-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हो सकती है, जिसके बाद फिर से गिरावट के आसार हैं। वहीं न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article