शहर

Bihar Weather Today: मौसम हुआ बेकाबू! पूरे बिहार में आंधी-बारिश का अलर्ट, बिजली और ओलों से रहें सावधान

बिहार का मौसम (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 04 May 2026: बिहार में प्री-मानसून गतिविधियों के चलते मौसम लगातार करवट बदल रहा है। आज बिहार के सभी जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

Image

आज बिहार का मौसम

बिहार में आज का मौसम (04 May 2026): बिहार में पिछले कुछ दिनों से बारिश का मौसम जारी है। आज भी प्रदेश के सभी 38 जिलों में मौसम विभाग ने आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। जिसके चलते गर्मी से राहत बनी रहने की संभावना है। हालांकि मौसम में नमी बढ़ने के कारण कुछ जगहों पर उमस परेशान कर सकती है। पिछले 24 घंटे के दौरान भी बिहार के बेतिया, बेगूसराय और मोतिहारी में भारी बारिश दर्ज की गई। वहीं सीवान और गोपालगंज में छिटपुट बारिश हुई। इसके अलावा पटना, छपरा समेत कई जिलों में बादलों की आवाजाही बरकरार रही।

भारत मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक आज बिहार के 19 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 19 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कुछ इलाकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही कुछ हिस्सों में ओले भी गिरने की संभावना जताई गई है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।

6 मई तक बिहार में बारिश रहेगी जारी

बिहार में बदले हुए मौसम का असर तापमान पर भी नजर आ रहा है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 34 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जो पहले की तुलना में कम है। अगले कुछ दिनों तक मौसम इसी तरह सुहावना बना रहने की संभावना है है। मौसम विभाग के अनुसार 6 मई तक बिहार में हल्की धूप, बादल और बारिश का सिलसिला जारी रहने का पूर्वानुमान है। जिसके बाद मौसम साफ हो जाएगा और इसके साथ ही तापमान में भी धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने लगेगी।

पटना में आज मौसम का हाल

पटना में आज आसमान में बादल छाए रहेंगे। साथ ही तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। बादलों के बावजूद दिनभर उमस परेशान कर सकती है। हालांकि तापमान में गिरावट के कारण भीषण गर्मी का प्रभाव कम रहेगा। शाम या रात के समय बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पटना में आज अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

बिहार में क्यों बदला मौसम

बिहार में बदलते मौसम के पीछे की प्रमुख वजह प्री-मानसून गतिविधियां हैं। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से बिहार की ओर नमी भरी हवाएं आने से वातावरण में नमी बढ़ गई है, जिससे बादल बन रहे हैं। वहीं पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम अस्थिर बना हुआ है, जिसके कारण आंधी और बारिश के मौसम को बढ़ावा मिल रहा है। इसके अलावा स्थानीय स्तर पर बढ़ते तापमान और नमी के टकराव से तेज गति से बादल बनते हैं, जिससे गरज-चमक, तेज हवाएं और बारिश की स्थिति पैदा हो रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!