शहर

मधुबनी में मंत्री अरुण शंकर प्रसाद के काफिले पर हमला, बाल-बाल बचे; गाड़ी के शीशे चकनाचूर

मधुबनी में बिहार सरकार में मंत्री अरुण शंकर प्रसाद के काफिले पर उस समय हमला हुआ, जब वे शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात संभाल लिए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और गिरिफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

Image

Bihar Minister Attack

Photo : Times Now Digital

Madhubani News: बिहार में मधुबनी जिले के खजौली थाना क्षेत्र के ठाहर गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब राज्य सरकार के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद के काफिले पर अचानक भीड़ ने हमला कर दिया। मंत्री एक सड़क हादसे में मृत युवक के परिजनों से मिलने और शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान भीड़ ने उनके वाहन पर हमला कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और पुलिस को हालात काबू में करने पड़े।

खजौली में भीड़ का उग्र रूप

जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले ठाहर गांव में रोड एक्सीडेंट में एक युवक की मौत हो गई थी। घटना के बाद बिहार सरकार के श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण युवा रोजगार एवं कौशल मंत्री और खजौली विधानसभा क्षेत्र के विधायक अरुण शंकर प्रसाद मृतक के परिजनों से मुलाकात के लिए पहुंचे थे। इस दौरान वहां भारी भीड़ मौजूद थी, तभी भीड़ में से कुछ लोगों ने अचानक उनके काफिले पर पथराव शुरू कर दिया। हमले के कारण मौके पर तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

इलाके में तनाव, सुरक्षा बढ़ाई गई

हालात बिगड़ते देख खजौली थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था को संभाला। जिसके बाद मंत्री को घटनास्थल से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। पुलिस की तुरंत कार्रवाई से बड़ी अनहोनी टल गई और मंत्री बाल-बाल बच गए।

पुलिस ने शुरू की छापेमारी

मधुबनी के पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने बताया कि हमले में शामिल लोगों की पहचान कर ली गई है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है और जल्द ही सभी को हिरासत में ले लिया जाएगा। पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रही है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pooja Kumari
पूजा कुमारी author

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी... और देखें

End of Article