शहर

बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य विभाग के इंजीनियर के ठिकानों पर EOU का बड़ा छापा, पटना समेत चार जगहों पर ताबड़तोड़ रेड

Bihar EOU Raid: बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता गोपाल कुमार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पटना और अन्य स्थानों पर उनके चार ठिकानों पर छापेमारी की गई।

Bihar EOU Raid: बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य विभाग में कार्यपालक अभियंता गोपाल कुमार (Gopal Kumar Engineer Case) के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई की है। आय से अधिक संपत्ति के मामले में दर्ज शिकायत के बाद पटना स्थित उनके कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। इस पूरी कार्रवाई के लिए न्यायालय से सर्च वारंट लिया गया था, जिसके बाद टीम ने अलग-अलग स्थानों पर जांच शुरू की। सूचना के अनुसार, गोपाल कुमार पर करीब 2 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति अर्जित करने का आरोप है।

इसी आधार पर EOU की टीम ने पटना और अन्य जगहों पर उनके कुल चार ठिकानों पर छापेमारी की। इनमें पटना के मजिस्ट्रेट कॉलोनी स्थित आवास, कंकड़बाग के पूर्वी इंदिरा नगर रोड नंबर 4 पर स्थित मकान, जमुई के केकेएम कॉलेज के पास किराए का आवास और झाझा स्थित उनका कार्यालय शामिल है। छापेमारी के दौरान टीम को अब तक लगभग 40 लाख रुपये नकद और कई महत्वपूर्ण संपत्ति से जुड़े दस्तावेज बरामद हुए हैं।

आय से अधिक संपत्ति

शुरुआती जांच में सामने आया है कि उनकी कुल संपत्ति उनके ज्ञात आय स्रोतों से काफी अधिक है। अनुमान के मुताबिक यह अवैध संपत्ति लगभग 2 करोड़ 68 लाख रुपये तक पहुंच चुकी है, जो उनकी वैध आय से लगभग 81.5 प्रतिशत अधिक बताई जा रही है। आर्थिक अपराध इकाई का कहना है कि यह कार्रवाई अभी जारी है और बरामद दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि आगे और भी संपत्तियों का खुलासा हो सकता है। इस मामले में सभी वित्तीय लेन-देन और संपत्ति के स्रोतों की जांच की जा रही है।

छापेमारी के बाद विभागीय स्तर पर बढ़ी हलचल

इस छापेमारी के बाद विभागीय स्तर पर भी हलचल बढ़ गई है। प्रशासन का कहना है कि भ्रष्टाचार और अवैध संपत्ति के मामलों में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। इस कार्रवाई को बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक सख्त कदम माना जा रहा है, जिससे सरकारी तंत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article