Manmohan Singh Birth Anniversary: . मनमोहन सिंह भारत के 14वें प्रधानमंत्री थे। जिनका साल 2024 में निधन हो गया था। उनकी जयंती पर लोकसभा नें विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसदराहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- "पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी की जयंती पर उन्हें सादर नमन। अपनी विनम्रता, ईमानदारी और दूरदर्शिता से उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था और सामाजिक न्याय को नई दिशा दी। भारत के निर्माण में उनके ऐतिहासिक निर्णय और अमूल्य योगदान हमारा सदैव मार्गदर्शन करते रहेंगे।"
पीएम मोदी ने भी किया याद
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की जयंती पर शनिवार को उन्हें श्रद्धांजलि दी और देश के प्रति उनकी समर्पित सेवा को याद किया। सिंह का जन्म 26 सितंबर 1932 को अविभाजित भारत के पंजाब प्रांत में हुआ था और 26 दिसंबर 2024 को नई दिल्ली में उनका निधन हो गया। मोदी ने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ’’हमारे पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि। उन्होंने जनसेवा में कई वर्ष बिताए और समर्पण के साथ देश की सेवा की।’’
राजनाथ सिंह ने भी दी श्रद्धांजलि
रक्षामंत्री ने राजनाथ सिंह ने लिखा- "पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि। सार्वजनिक जीवन और भारत की प्रगति में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।" कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की जयंती पर शनिवार को उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि सच्ची जनसेवा, समावेशी विकास और परिवर्तनकारी सुधारों की उनकी विरासत पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।
वह एक दूरदर्शी राजनेता और ऐतिहासिक आर्थिक सुधारों में से एक-खरगे
खरगे ने 'एक्स’ पर एक पोस्ट में सिंह के योगदान को याद करते हुए यह भी कहा कि वह एक दूरदर्शी राजनेता थे और उनके ऐतिहासिक आर्थिक सुधारों ने भारत की विकास यात्रा को बदल दिया, नए अवसर पैदा किए तथा लाखों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने में मदद की।
उन्होंने कहा, ’’ सिंह के सार्वजनिक जीवन की पहचान उनकी विनम्रता, ईमानदारी और बुद्धिमत्ता थी। उन्होंने गरिमा और करुणा के साथ नेतृत्व किया तथा समावेशी विकास और कमजोर वर्गों के कल्याण को शासन के केंद्र में रखा। उनकी सरकार का अधिकार-आधारित ढांचा इस दृष्टिकोण की एक स्थायी मिसाल बना हुआ है।’’
सिंह ने 22 मई 2004 को भारत के 14वें प्रधानमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला था और वह 22 मई 2009 को लगातार दूसरी बार प्रधानमंत्री बने थे। वह 1991 से 1996 तक केंद्रीय वित्त मंत्री रहे और उन्होंने इस दौरान व्यापक आर्थिक सुधारों की ऐसी नीति लागू की, जिसे दुनिया भर में सराहा गया।
