हिजाब कांड के बाद नीतीश कुमार को पाकिस्तान से मिली धमकी, CM की थ्री लेयर सिक्योरिटी बढ़ाने का प्लान
- Reported by: Saket KumarEdited by: Pushpendra Kumar
- Updated Dec 18, 2025, 09:42 PM IST
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के महिला चिकित्सक का नकाब हटाने के मामले में पाकिस्तान से आ रही धमकी के बाद सुरक्षा बढ़ाने की तैयारी है।
बुर्का कांड पर मिली धमकियों के बाद सीएम नीतीश की सुरक्षा बढ़ी
पटना : महिला चिकित्सक का नकाब हटाने को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विवादों के घेरे में हैं। एक तरफ जहां केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कुमार के इस बर्ताव का बचाव किया, वहीं दूसरी तरफ विपक्ष ने बिना शर्त माफी मांगने की मांग की। इस कांड के बाद पाकिस्तान की ओर से धमकी भरा संदेश आया है। पाकिस्तान के डॉन शहजाद भट्टी डॉन ने नीतीश कुमार से माफी मांगने को कहा है। उसने कहा कहा है यदि माफी नहीं मांगी गई तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। इस धमकी से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और सीएम नीतीश कुमार की सुरक्षा बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, सीएम की सुरक्षा पहले से थ्री लेयर की है, अब उसे और बढ़ाए जाने की तैयारी चल रही है।
महिला का नकाब हटाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और इसने एक बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। यह घटना मुख्यमंत्री सचिवालय में हुई, जहां कुमार आयुष चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र दे रहे थे। जब महिला अपना नियुक्ति पत्र लेने आई, तो नीतीश कुमार ने उसका नकाब देखा और पूछा, 'यह क्या है? इसके बाद उन्होंने नकाब हटा दिया।
मुस्लिम महिला चिकित्सक का नकाब हटाने के मामले में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का बचाव करते हुए नया विवाद खड़ा कर दिया।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से जुड़े हिजाब विवाद को लेकर राजनीति गर्म हो गई है। खासकर, विपक्ष इसकों लेकर हमलावर है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी के कुछ नेता मुख्यमंत्री के पक्ष में हैं। इस मामले में राजद सांसद सुधाकर सिंह ने कहा कि धार्मिक स्वतंत्रता दुनिया भर में सबसे बड़ी ताकत रही है और इतिहास में लड़ी गई ज्यादातर बड़ी लड़ाइयां राजनीतिक आजादी की बजाय धार्मिक स्वतंत्रता के लिए ही रही हैं। अगर धार्मिक स्वतंत्रता नहीं है, तो राजनीतिक स्वतंत्रता का कोई मतलब नहीं। सुधाकर सिंह ने महिला की बहादुरी की तारीफ करते हुए कहा कि उसने सरकारी नौकरी ठुकराई, क्योंकि किसी भी महिला और समाज के लिए उसका आत्मसम्मान और धार्मिक मान्यताएं सबसे ऊपर होती हैं।
सुधाकर सिंह ने नीतीश कुमार की हरकतों को मानसिक रूप से अस्थिर बताया और कहा कि इससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचा है। वहीं, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के बयान कि "अगर सरकारी नौकरी करनी है तो चेहरा दिखाना पड़ेगा" पर भी सुधाकर सिंह ने हमला बोला। उन्होंने कहा कि उन्होंने खुद जीवन में एक नौकरी नहीं दी है। इनका काम सिर्फ धर्म विरोधी बयान देना है और अगर वे ऐसा नहीं करेंगे तो कोई उन्हें जान भी नहीं पाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।