शहर

बिहार में विरोध प्रदर्शन पर बड़ा एक्शन, मुजफ्फरपुर में इंटरनेट सेवा अस्थायी रूप से बंद; जहानाबाद में 15 गिरफ्तार

बिहार में तनाव को देखते हुए मुजफ्फरपुर में सोशल मीडिया सेवाओं पर 26 जुलाई तक रोक लगा दी गई है, वहीं जहानाबाद हिंसा मामले में पुलिस ने 15 लोगों को गिरफ्तार किया है।

Image

मुजफ्फरपुर में इंटरनेट सेवा अस्थायी रूप से बंद

बिहार में हाल के दिनों में हुई हिंसा और तनाव की घटनाओं के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। एक ओर मुजफ्फरपुर में अफवाहों पर रोक लगाने के लिए इंटरनेट आधारित सोशल मीडिया और मैसेजिंग सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है, वहीं जहानाबाद में छात्र प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा के मामले में अब तक 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन की सिफारिश पर गृह विभाग ने टाउन-1 और टाउन-2 पुलिस अनुमंडल क्षेत्रों में इंटरनेट आधारित सोशल मीडिया और मैसेजिंग सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित करने का आदेश जारी किया है। गृह विभाग की विशेष शाखा द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह प्रतिबंध 24 जुलाई दोपहर 12:30 बजे से 26 जुलाई सुबह 10:00 बजे तक प्रभावी रहेगा।

जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) की रिपोर्ट में आशंका जताई गई थी कि असामाजिक तत्व सोशल मीडिया के जरिए भड़काऊ, आपत्तिजनक और भ्रामक सामग्री फैलाकर कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगाड़ सकते हैं। इसी के मद्देनजर यह कदम उठाया गया।

आदेश के तहत फेसबुक, एक्स (पूर्व में ट्विटर), व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम समेत करीब 24 सोशल नेटवर्किंग और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर संदेश, फोटो, वीडियो और अन्य डिजिटल सामग्री के आदान-प्रदान पर रोक लगा दी गई है। हालांकि, सरकारी और प्रशासनिक कार्यों के लिए आवश्यक इंटरनेट सेवाओं को इस प्रतिबंध से बाहर रखा गया है, ताकि जरूरी सार्वजनिक सेवाएं प्रभावित न हों।

शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें - पुलिस

गृह विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट या भ्रामक जानकारी को साझा न करें और शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। उधर, छात्र प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा के बाद मगध रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) विकास वैभव ने जहानाबाद का दौरा कर हालात का जायजा लिया। प्रदर्शन के दौरान उपद्रवियों ने कथित तौर पर सरकारी संपत्ति में तोड़फोड़ की थी और जिलाधिकारी के आवास पर भी हमला किया था।

आईजी ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने के बाद जिला पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना हर नागरिक का संवैधानिक और लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन हिंसा, तोड़फोड़, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना और कानून अपने हाथ में लेना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

आईजी के अनुसार, हिंसा के दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे। हालात बेकाबू होने पर पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने के लिए हवाई फायरिंग भी करनी पड़ी। उन्होंने बताया कि मामले में अब तक 15 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, सीसीटीवी फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। विकास वैभव ने कहा कि हिंसा भड़काने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!