भोपाल

MP News: दो का पहाड़ा नहीं सुना पाया मासूम, महिला प्रिंसिपल ने पाइप से की पिटाई, मामला दर्ज

एमपी के देवास जिले में पहली कक्षा में पढ़ने वाले बच्चे की प्रिंसिपल ने पाइप से केवल इसलिए पिटाई की क्योंकि पर दो का पहाड़ा नहीं सुना पाया। घटना के बारे में पता लगते ही मासूम के पिता ने पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने महिला प्रिंसिपल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू की।

Image

देवास में दो का पहाड़ा न सुनाने पर प्रिंसिपल ने मासूम के साथ की मारपीट (फोटो - टाइम्स नाउ नवभारत)

MP News: मध्यप्रदेश के देवास जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक निजी विद्यालय में दो का पहाड़ा नहीं सुनाने पर सजा के रूप में छह वर्षीय बच्चे को पाइप से मारा गया। मारपीट के आरोप में इस संस्थान की महिला प्रिंसिपल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। सिविल लाइन पुलिस थाने के प्रभारी हितेश पाटिल ने बताया कि निजी विद्यालय की प्रिंसिपल शशिकला ठाकुर के खिलाफ पहली कक्षा के छात्र से मारपीट करने का मामला दर्ज किया गया है।

दो का पहाड़ा न सुनाने पर पाइस से बच्चे की पिटाई

न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा के अनुसार, पुलिस अधिकारी ने पीड़ित बच्चे के पिता की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता और किशोर न्याय (बच्चों की देखभाल एवं संरक्षण) अधिनियम 2015 के संबद्ध प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया। पाटिल ने आरोपों के हवाले से बताया कि विद्यालय की प्रिंसिपल ने 11 अक्टूबर को इस बच्चे को सजा के तौर पर प्लास्टिक के पाइप से इसलिए पीटा क्योंकि वह कक्षा में दो का पहाड़ा नहीं सुना पाया था।

पहाड़ा याद न कर पाने पर दी सजा

उन्होंने बताया कि बच्चों को होमवर्क के रूप में दो का पहाड़ा याद करने के लिए कहा गया था। थाना प्रभारी ने बताया, "विद्यालय की छुट्टी के बाद शाम को घर पहुंचने के बाद छह वर्षीय बच्चा अपने परिवार के किसी भी सदस्य से बात नहीं कर रहा था। जब बच्चे की मां ने उसके कपड़े बदले, तो उसकी दोनों जांघों पर चोट के निशान नजर आए। उसके चेहरे पर भी निशान थे।" उन्होंने बताया कि बच्चे के परिजन उसे एक निजी अस्पताल ले गए जहां उसका प्राथमिक उपचार कराया गया। पाटिल ने बताया कि विद्यालय में बच्चे के साथ कथित मारपीट के मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

(इनपुट - भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article