भोपाल

एग्जाम में पास होने के प्रेशर ने निगल ली जिदंगी, MP में 12वीं क्लास का रिजल्ट आने के बाद दो स्टूडेंट्स ने दी जान

मध्य प्रदेश में आज 12वीं बोर्ड का रिजल्ट आने के बाद दो छात्रों ने आत्महत्या कर ली। वहीं एक अन्य ने खुदकुशी का प्रयास किया, जिसकी हालत अभी गंभीर बताई जा रही है। दमोह की एक छात्रा ने एग्जाम में फेल होने के कारण जान दे दी। वहीं सतना में 18 वर्षीय छात्र ने आत्महत्या कर ली, हालांकि अभी इसकी वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : iStock

मध्य प्रदेश में माध्यमिक शिक्षा मंडल ने मंगलवार को 10वीं और 12वीं एग्जाम के रिजल्ट जारी किए। जिसके बाद एग्जाम में फेल होने पर आत्महत्या के मामले भी सामने आए हैं। एमपी में 12वीं का रिजल्ट आने के बाद दो स्टूडेंट्स ने खुदकुशी कर ली। वहीं एक अन्य छात्र ने सुसाइड करने की कोशिश की। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

फेल होने पर छात्रा ने दी जान

पथरिया थाना प्रभारी सुधीर कुमार बेगी ने बताया कि दमोह जिले के झगर गांव में 12वीं कक्षा की परीक्षा में फेल होने के बाद 17 वर्षीय छात्रा ने अपने घर में फांसी लगा ली। पुलिस अधिकारी के अनुसार, किशोरी के परिवार के सदस्य अपने दैनिक कामों में व्यस्त थे, इसी दौरान परिणाम से परेशान छात्रा घर की पहली मंजिल पर बने कमरे में गई और वहां फांसी लगा ली। बेगी ने बताया कि विज्ञान विषय की छात्रा को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सतना में 18 वर्षीय छात्र ने भी की खुदकुशी

रामपुर बघेलान थाने के प्रभारी संदीप चतुर्वेदी ने बताया कि सतना जिले में 12वीं कक्षा के एक छात्र ने सुबह परिणाम घोषित होने के आधे घंटे बाद आत्महत्या कर ली। जिले के एक गांव के रहने वाले 18 वर्षीय छात्र ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या की उन्होंने बताया कि यह स्पष्ट नहीं है कि उसने यह कदम क्यों उठाया क्योंकि उसके परिवार के सदस्यों को उसके अंकों की जानकारी नहीं थी। चतुर्वेदी के अनुसार, छात्र के माता-पिता वैवाहिक कलह के कारण अलग रह रहते हैं।

उन्होंने बताया कि सतना जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र के खगोरा गांव में हुई एक अन्य घटना में 12वीं कक्षा के एक छात्र ने परीक्षा में फेल होने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। पुलिस अधिकारी ने बताया कि हालांकि उसके परिवार के सदस्यों ने तुरंत देख लिया और फंदा काटकर उसे अस्पताल ले गए। उन्होंने कहा कि छात्र का एक स्थानीय अस्पताल में इलाज किया जा रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article