Bhopal Raksha Bandhan Tragedy: भोपाल के गांधी नगर प्रताप वार्ड में एक दर्दनाक हादसे में 20 वर्षीय सुभाष सेन की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। सुभाष अपनी बहन के घर राखी बंधवाने आया था, तभी यह घटना हुई। वह रायसेन जिले के नूरगंज का रहने वाला था और पिछले दो साल से भोपाल में अपने मामा के साथ रह रहा था। घटना के वक्त हल्की बारिश हो रही थी और सुभाष गुटखा थूकने के लिए छत पर गया था, जहां पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन बहुत नजदीक थी।
उसकी बहन निधि ने बताया कि ठीक इसी जगह आठ महीने पहले भी उसे करंट लगने का हादसा हुआ था, लेकिन वह बच गई थी। सुभाष के जीजा विक्की ने बताया कि उन्होंने 13 जनवरी 2025 को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर इस हाईटेंशन लाइन को हटाने की शिकायत की थी, लेकिन बिजली विभाग ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की। स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी हाईटेंशन लाइन के कारण पहले भी एक निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे मिस्त्री की जान जा चुकी है। गांधी नगर पुलिस थाने के टीआई बृजेंद्र मर्सकोले ने बताया कि मामले की जांच चल रही है और आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी। सुभाष की बहन ने अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए कहा कि जिस भाई को उसने राखी बांधी, उसी की मौत उसी घर में हो गई।
