MP News: सीधी जिले के सीधी शहर स्थित क्रमांक एक हॉस्टल, मैथिली बालिका छात्रावास में रविवार को 11वीं कक्षा की छात्रा कल्पना जायसवाल को संदिग्ध परिस्थितियों में मृत अवस्था में खिड़की से लटका पाया गया। मृतका, पिता राम कृपाल जायसवाल, ग्राम पैगम्मा, थाना बहरी की रहने वाली थी। वह एग्रीकल्चर विषय से 11वीं कक्षा में पढ़ती थी और अपनी पांच सहेलियों के साथ हॉस्टल के एक कमरे में रहती थी।
घटना के समय रविवार होने के कारण उसकी दो सहेलियां घर छुट्टी पर गई थीं और दो बाजार गई हुई थीं। जब सहेलियां बाजार से लौटीं, तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। जांच के दौरान पाया गया कि हॉस्टल की दीवार पर 'सब मरोगे' लिखा हुआ था। छात्रा का शव खिड़की से लटका हुआ था, जिसका फंदा जमीन से केवल साढ़े चार फीट की ऊंचाई पर खिड़की से बंधा हुआ था और उसका आधा शरीर जमीन पर था।
मृतका के सहेलियों और हॉस्टल इंचार्ज अमृता सिंह ने बताया कि कल्पना शांत और मिलनसार स्वभाव की छात्रा थी और किसी से उसका कोई विवाद या बहस नहीं थी। वहीं, मृतका के पिता पुरुषोत्तम जायसवाल ने कहा कि जिस तरह से मामला संदिग्ध है, उसे लेकर यह तय नहीं किया जा सकता कि यह हत्या है या आत्महत्या।
कोतवाली थाना प्रभारी कन्हैया सिंह बघेल ने कहा कि प्रथम दृष्टि में यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है लेकिन जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
