Seoni Police Loot Case: मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां सीएसपी पूजा पांडे और बंडोल थाना पुलिस पर 1.45 करोड़ रुपये लूटने का गंभीर आरोप लगा है। जानकारी के मुताबिक, इस प्रकरण में बंडोल थाना प्रभारी समेत कुल 9 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। नागपुर के एक व्यापारी ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। फिलहाल, जांच की जिम्मेदारी जबलपुर एडिशनल एसपी को सौंपी गई है। वहीं, डीजीपी भोपाल ने सीएसपी पूजा पांडे को भी निलंबित कर दिया है।
घटना 8 अक्टूबर की बताई जा रही है, जब बंडोल थाना क्षेत्र में महाराष्ट्र नंबर की एक कार (एमएच 13 ईके 3430) से लगभग 3 करोड़ रुपये बरामद किए गए। आरोप है कि पुलिस ने रात एक से दो बजे के बीच वाहन को रोककर रकम कब्जे में ली और कार सवारों को धमकाकर भगा दिया। अगले दिन जब पीड़ित व्यापारी के साथी शिकायत दर्ज कराने पहुंचे, तो उन्हें कोतवाली और बाद में एसडीओपी कार्यालय में घंटों तक बैठाए रखा गया। प्रारंभ में एसडीओपी पूजा पांडे ने इस घटना से इंकार किया, लेकिन बाद में जांच की पुष्टि की।
मामले की आगे की जांच जारी
सूत्रों का कहना है कि जब वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी मिली, तब लगभग 1.45 करोड़ रुपये वापस किए गए, जबकि बाकी राशि को लेकर संदेह बरकरार है। जांच में पता चला कि एसडीओपी कार्यालय के सात पुलिसकर्मी, जिनमें उनका रीडर, दो गनमैन और ड्राइवर शामिल हैं, भी इस घटनाक्रम में शामिल थे। अधिकारियों के अनुसार, पूजा पांडे को घटना की पूरी जानकारी थी, जिसके चलते उनके खिलाफ भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। फिलहाल निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में बंडोल थाना प्रभारी अर्पित भैरम, एक आरक्षक और एसडीओपी कार्यालय से जुड़े कई कर्मचारी शामिल हैं। यह मामला अब उच्च स्तरीय जांच के अधीन है।
