भोपाल

रीवा में नागपंचमी पर हादसा, तालाब में मूर्तियां बहाने गईं थी तीन बच्चियां, सेप्टिक टैंक में गिरकर डूबने से मौत

रीवा में नागपंचमी के दिन मिट्टी की मूर्तियां तालाब में विसर्जित करने के लिए तीन नाबालिग बहनें निकली थी। लेकिन रास्ते में निर्माणाधीन सेप्टिक टैंग में फिसलकर गिरने से उनकी मौत हो गई। बारिश के चलते सेप्टिक टैंक पानी से भरा हुआ था।

Image

तीन बच्चियों की डूबने से मौत (सांकेतिक फोटो)

Rewa News: मध्य प्रदेश के रीवा जिले में नागपंचमी के दिन बड़ा हादसा हो गया। जहां बारिश के पानी से भरे एक निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक में तीन बच्चियों की फिसलकर गिर गईं। जिस कारण डूबने से उनकी मौत हो गई। तीनों सगी बहने थीं। इस घटना के बाद परिवारजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। तीनों बहनों को स्थानीय लोगों ने टैंक से बाहर निकाला। लेकिन तब तक उनकी जान बचाने में काफी देर हो गई थी।

मूर्तियां विसर्जित करने निकली थीं तीनों

पुलिस ने बताया कि यह घटना शुक्रवार को गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के तमारा गांव में हुई। उन्होंने कहा कि मृतकों की पहचान जान्हवी (6), तन्वी (7) और सुहानी (9) रजक के रूप में हुई है। गोविंदगढ़ थाना प्रभारी शिव अग्रवाल ने बताया, "तीनों बहनें शाम को नाग पंचमी के अवसर पर मिट्टी की मूर्तियों को जलाशय में विसर्जित करने के लिए घर से निकली थीं।

स्थानीय लोगों ने पानी से बाहर निकाला

शिव अग्रवाल ने बताया कि तालाब के पास में ही सेप्टिक टैंक बनाने के लिए गड्ढा खोदा गया था, जिसमें बारिश का पानी भरा हुआ था। तीनों बहनें उसमें फिसल गईं और डूबने से उनकी मौत हो गई।" उन्होंने बताया कि स्थानीय ग्रामीणों को जब इस घटना के बारे में पता चला, तो वे मौके पर पहुंचे और तीनों बहनों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

(इनपुट-भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article