भोपाल में पुल बोगदा मार्ग बुधवार सुबह से पूरी तरह बंद कर दिया गया है। मेट्रो कॉर्पोरेशन ने इस क्षेत्र में बेरिकेडिंग कर दी है, जिससे अब वाहन अन्य मार्गों से गुजरेंगे। 20 दिन पहले इसे वन-वे किया गया था, लेकिन अब इस मार्ग पर किसी भी वाहन की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित हो गई है।
सुभाषनगर से करोंद तक मेट्रो की ऑरेंज लाइन के दूसरे चरण का निर्माण कार्य जारी है, जिसके अंतर्गत पुल बोगदा के पास पिलर्स का निर्माण किया जाएगा। इस निर्माण कार्य के चलते ट्रैफिक डायवर्जन आवश्यक हो गया है।
जानकारी के मुताबिक, पुल बोगदा के माध्यम से भारत टॉकीज और जिंसी की ओर जाने वाले मार्गों पर वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। यह कदम शहर के यातायात प्रबंधन को सुचारू बनाने के लिए उठाया गया है।
