भोपाल

भोपाल में दिल दहला वाला मामला; गर्भवती महिला ने ससुराल उत्पीड़न से तंग आकर किया आत्मदाह

भोपाल के इंद्रपुरी इलाके में एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। 28 वर्षीय गर्भवती महिला ने घरेलू उत्पीड़न से त्रस्त होकर आत्मदाह कर लिया, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। आत्महत्या से पहले उसने अपने पिता से बात कर आरोप लगाया कि पति और ससुराल वाले उसे प्रताड़ित कर रहे थे।

Image

गर्भवती महिला ने ससुराल उत्पीड़न के चलते किया आत्मदाह (सांकेतिक फोटो : Canva)

Bhopal Suicide Case: भोपाल के इंद्रपुरी इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 28 वर्षीय गर्भवती महिला अनुप्रिया सिंह ने ससुराल में हो रहे उत्पीड़न से परेशान होकर आत्मदाह कर लिया। यह घटना शनिवार-रविवार की रात हुई। अनुप्रिया आठ महीने की गर्भवती थी और उसने आत्महत्या से पहले अपने पिता रमेश सिंह से फोन पर बात कर कहा कि उसके पति दीपक सिंह और ससुराल वाले उसे जीने नहीं दे रहे हैं।

अनुप्रिया की डेढ़ साल पहले दीपक से प्रेम विवाह हुआ था। शुरुआत में परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था, लेकिन बेटी की खुशी के लिए उन्होंने शादी को मंजूरी दे दी और आवश्यक दहेज भी दिया। बावजूद इसके, दीपक दहेज से संतुष्ट नहीं था और अनुप्रिया पर मायके से पैसे लाने का लगातार दबाव बनाता रहा। रमेश सिंह ने बताया कि दीपक, जो जबलपुर का निवासी है, शराब का आदी था और नशे में अक्सर अनुप्रिया के साथ मारपीट करता था।

जानकारी के मुताबिक, गर्भवती होने के बावजूद, उसे उचित देखभाल नहीं मिल रही थी, जिससे वह गहरे मानसिक तनाव में थी। कई बार उसने अपनी पीड़ा माता-पिता से साझा की, लेकिन ससुराल छोड़ने को तैयार नहीं हुई। अंततः, अत्याचार और उपेक्षा से तंग आकर उसने आत्मदाह कर लिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article