भोपाल

चलती ट्रेन से लापता हुई अर्चना तिवारी की गुमशुदगी की सुलझी गुत्थी! 13 दिन बाद नेपाल बॉर्डर से मिली युवती

मध्य प्रदेश में कुछ दिनों पहले चलती ट्रेन से लापता हुई 29 वर्षीय अर्चना तिवारी लखीमपुर खीरी जिले में नेपाल बॉर्डर पर मिल गई है। उसे भोपाल लाया जा रहा है, जहां उससे पूछताछ की जाएगी और उसका बयान दर्ज किया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि युवती वहां कैसे पहुंची और किन हालातों में वहां से मिली।

Archana Tiwari Missing Case: मध्यप्रदेश के कटनी की रहने वाली 29 वर्षीय अर्चना तिवारी के मिसिंग केस में बड़ा अपडेट सामने आया है। कुछ दिन पहले चलती ट्रेन से लापता हुई अर्चना तिवारी मंगलवार को उत्तर प्रदेश के लखीमपुर-खीरी जिले में नेपाल बॉर्डर से मिली। भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन में राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के पुलिस अधीक्षक राहुल कुमार लोढ़ा ने 'एक्स' पर जारी एक वीडियो में कहा कि रेलवे पुलिस अर्चना को भोपाल लेकर आ रही है और फिर उसका बयान दर्ज किया जाएगा।

भोपाल स्टेशन से मिली आखिरी लोकेशन

न्यूज एजेंसी भाषा के अनुसार, एसपी ने कहा कि अर्चना तिवारी लखीमपुर-खीरी जिले में नेपाल सीमा से मिली। लखीमपुर-खीरी जिला उत्तर प्रदेश के उन सात जिलों में से एक है, जिसकी नेपाल के साथ अंतरराष्ट्रीय सीमा लगती है। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि युवती वहां कैसे पहुंची और वह वहां किन परिस्थितियों में मिली। इंदौर उच्च न्यायालय में वकालत करने के साथ ही सिविल जज की परीक्षा की तैयारी कर रही अर्चना सात अगस्त को नर्मदा एक्सप्रेस ट्रेन से कटनी के लिए निकली थीं। अर्चना की आखिरी ‘लोकेशन’ भोपाल के रानी कमलापति स्टेशन की मिली थी, जिसके बाद उसके परिजनों ने रानी कमलापति जीआरपी थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया था।

पुलिस ने इटारसी से कटनी तक की जांच

पुलिस ने रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से लेकर इटारसी और कटनी तक के क्षेत्रों में भी गहनता से जांच की। पुलिस ने स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी खंगाले। मंगलवार दोपहर कोक ऐसी खबरें आईं थीं कि अर्चना की अपने परिवार से बात हुई है और वह सुरक्षित है। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की। इस मामले में जीआरपी पुलिस ने ग्वालियर के भंवरपुरा थाने में पदस्थ आरक्षक राम सिंह तोमर से भी पूछताछ की।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article