Ladli Bahna Yojana: मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि सितंबर से प्रदेश में इस योजना के तहत 1.25 करोड़ की जगह 1.32 करोड़ लाड़ली बहनों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा, योजना के तहत सावन के तीन दिन पहले 27 अगस्त को मैंने महिलाओं के खाते में 250 रुपये डाले थे। अब 10 सितंबर को इस योजना की अगली किस्त महिलाओं के खाते में भेजी जाएगी।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा, योजना की किस्त को बढ़ाकर 1000 रुपये कर दिय गया है। यानी 10 सितंबर को महिलाओं के खाते में 1000-1000 रुपये आएंगे। उन्होंने लाड़ली बहना योजना सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि तुम्हारा भाई यहां तक ही सीमित नहीं रहेगा। पैसे का इंतजाम हो जाने के बाद इस रकम को बढ़ा दिया जाएगा।
अक्टूबर से खाते में आएंगे 1250 रुपये
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि अक्टूबर से योजना के तहत महिलाओं के खाते में 1250 रुपये भेजे जाएंगे। इसके बाद मैं पैसे का और इंतजाम कर रहा हूं और इस रकम को 1500 किया जाएगा। उन्होंने कहा, तुम्हारा भाई यहीं नहीं रुकेगा और धीरे-धीरे इसे बढ़ाकर 3000 रुपये कर दूंगा।
21 साल की महिलाएं भी बनीं पात्र
बता दें, लाड़ली बहना योजना के तहत पहले महिलाओं की पात्रता उम्र 23 साल थी, लेकिन इसे घटाकर 21 वर्ष किया गया। इसके बाद 21 से 22 वर्ष की 4 लाख 77 हजार महिलाएं योजना के लिए पात्र बनीं हैं। वहीं 1 लाख 26 हजार ट्रैक्टर स्वामी परिवार की महिलाएं भी योजना के दायरे में आई हैं। सीएम ने कहा, सरकार का प्रयास है कि हर बहन की आमदनी 10 हजार रुपये महीना होग और इसके लिए सरकार की ओर से अजीविका मिशन में उन्हें विभिन्न कार्यों के लिए सहायता दी जा रही है।
