भोपाल

Loksabha Election: इस शहर में वोटरों के लिए खास ऑफर, 2 मूवी टिकट और 100 को मिलेगा बंपर इनाम

लोकसभा चुनाव 2024 - मतदाताओं को लुभाने के लिए इस चुनावी मौसम में राजनीतिक पार्टियां मतदाताओं को तरह-तरह से लुभा रही हैं। इस मामले में चुनाव आयोग भी पीछे नहीं है। निर्वाचन आयोग ने मध्य प्रदेश के भोपाल में मतदाताओं के लिए बंपर प्राइज और मूवी टिकट तक की योजना बनाई है।

Image

मतदाताओं को मिलेंगे इनाम

Photo : PTI

Loksabha Election: लोकसभा चुनाव के लिए देशभर में प्रचार जोरों पर है। हर तरफ प्रत्याशी और पार्टी मतदाताओं को अपनी ओर रिझाने की हर संभव कोशिश कर रहे हैं। मतदाता भी एक-एक प्रत्याशी को अच्छे से जांच-परख रहे हैं। इधर चुनाव आयोग भी वोटिंग पर्सेंटेज बढ़ाने के लिए लगातार कोशिशों में जुटा है। बात करें मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की तो, यहां पर चुनाव आयोग ने बंपर इनाम की घोषणा की है।

बता दें कि भोपाल में 3 मई को तीसरे चरण में मतदान होगा। शहर में कुल 2100 मतदान केंद्रों पर चुनाव आयोग की तरफ से इनामी योजना शुरू की गई है। शहर में मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए निर्वाचन आयोग ने एक अलग तरह का प्रयोग किया है। इसके तहत शहर से सभी 2100 मतदान केंद्रों पर मतदाताओं को एक-एक इनामी कूपन मिलेगा। इन कूपनों में से 100 लकी विजेताओं का चुनाव किया जाएगा, जिन्हें बंपर इनाम दिया जाएगा।

मतदान केंद्रों पर मतदान करने वाले हर व्यक्ति को कूपन तो मिलेगा ही। साथ ही यह भी तय किया गया है कि हर मतदान केंद्र पर एक-एक मतदाता को निश्चित इनाम दिया जाएगा। यह इनाम 100 लकी मतदाताओं को मिलने वाले बंपर इनाम से अलग होगा। इनाम पाने के लिए उंगली में लगी मतदान की स्याही दिखानी होगी।

मतदान बढ़ाने को और भी बहुत कुछ

शहर में मतदान बढ़ाने के लिए और भी कई तरह की पहल की जा रही हैं। इसके लिए आगामी 21 अप्रैल (रविवार) को शहर के 21 अलग-अलग भीड़-भाड़ वाली जगहों पर डांसरों की 21 टीमें फ्लैश मॉब भी करेंगी। यह डांसर आम लोगों की तरह भीड़ में शामिल होंगे और अचानक सभी डांस करना शुरू करेंगे। इस पहल का मकसद भी शहर में मतदान का प्रतिशत बढ़ाना और लोगों को इसके लिए प्रेरित करना है।

युवाओं को मुफ्त मूवी टिकट

जिला प्रशासन शहर के युवाओं ही नहीं, बल्कि दिव्यांगों, बुजुर्गों और थर्ड जेंडर के साथ मिलकर ज्यादा से ज्यादा मतदान के लिए प्रेरित कर रहा है। इसके अलावा आगामी 19 अप्रैल को वोट क्लब पर फन वॉक का आयोजन भी किया जा रहा है। इसमें दिव्यांग और 85 साल की उम्र से अधिक बुजुर्ग मतदाता शामिल होंगे। यही नहीं युवाओं को मतदान के लिए लुभाने के वास्ते उन्हें फोन करके तीन प्रश्नों के उत्तर पूछे जा रहे हैं। तीनों प्रश्नों के सही उत्तर देने वालों को दो मूवी टिकट भी दिए जा रहे हैं।

फैशन शो से जागरुकता

आगामी 28 अप्रैल को भोपाल के एमपी नगर में एक फैशन शो भी आयोजित किया जाएगा। इस फैशन शो में मॉडल्स के साथ ही रैंप पर थर्ड जेंडर मतदाता भी कैटवॉक करते नजर आएंगे। यहां वोटिंग परसेंटेज बढ़ाने के लिए इस तरह के आयोजन पहली बार किए जा रहे हैं।

इसके अलावा शहर के व्यापारियों ने भी मतदान के दिन बिना सैलरी काटे कर्मचारियों को वोटिंग के लिए छुट्टी देने की पहल की है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article