Jabalpur Accident News: जबलपुर के भीटा तिराहे के पास दुर्गा विसर्जन जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मां दुर्गा की प्रतिमा लेकर जा रहा ट्रक 11 केवी लाइन की चपेट में आ गया। जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। करंट लगने से दो युवकों की मौके पर मौत हो गई और 33 लोग झुलसकर घायल हो गए। जिनमें कई लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना तिवारी ने न्यूज एजेंसी PTI को बताया कि यह घटना रविवार देर रात को गौरा बाजार इलाके में हुई। जहां मूर्ति ले जा रहा ट्रक हाई टेंशन तार की चपेट में आ गया। ट्रक में रखी प्रतिमा के सिर पर छत्र रखा गया था, जिसे लोहे की पाइप से बांधा गया था। यह पाइप ही 11 केवी की लाइन के संपर्क में आ गया। जिससे लोहे की पाइप में करंट फैल गया। करंट की चपेट में आने से ट्रक में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जिनकी पहचान चिंटू विश्वकर्मा (38) और अखिलेश पटेल (48) के रूप में हुई है।
33 लोगों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
सरकारी विक्टोरिया अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर नितिन यादव ने PTI को बताया कि मूर्ति विसर्जन जुलूस के दौरान हुए हादसे के बाद कुल 35 लोगों को अस्पताल लाया गया था। जिनमें से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 33 अन्य को आईसीयू समेत विभिन्न वार्डों में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टर ने बताया कि घायलों की हालत स्थिर है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
इस घटना की सूचना मिलने के बाद राज्य के लोक निर्माण विभाग मंत्री राकेश सिंह, स्थानीय विधायक अशोक रोहाणी, जिला कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय अस्पताल पहुंचे। जहां उन्होंने स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच कर रही है।
