भोपाल

भोपाल में 'जबरिया शादी' का मामला, गूगल के मैनेजर को बंधक बना कराया विवाह

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 15, 2022, 01:53 PM IST

Bhopal Police: भोपाल में एक शख्स की जबरन शादी का प्रकरण सामने आया है। युवक को बंधक बनाकर उसे नशीला खाना खिलाया गया। उसके बाद एक युवती से शादी करवा दी गई। अब उसे दहेज प्रताड़ना के मामले में फंसाकर लाखों रुपये की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

Image

भोपाल में जबरिया शादी

KEY HIGHLIGHTS
  • युवती ने युवक को फोन कर बुलाया था
  • नशीला खाना खिलाकर कर दिया युवक को बेहोश
  • दहेज प्रताड़ना के केस में फंसाने की बात कहकर 50 लाख मांगे

Bhopal News: भोपाल में गूगल कंपनी में मैनेजर एक युवक को बंधक बनाकर जबरन शादी कराने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती ने ही युवक को फोन करके बुलाया था और फिर उसके परिजनों ने युवक को कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद उसे नशीला खाना खिलाया। फिर उसकी युवती से जबरन शादी करा दी गई। अब उसे दहेज प्रताड़ना के केस में फंसाने की बात कहकर ब्लैकमेल किया जा रहा है और 50 लाख रुपए की डिमांड की जा रही है। पीड़ित की शिकायत पर कमला नगर थाना पुलिस ने प्रकरण में केस दर्ज कर लिया है।

बता दें कि पुलिस को पीड़ित 35 वर्षीय गणेश शंकर गोपालन ने बताया है कि वह कस्तूरबा नगर गोविंदपुरा का निवासी है। वर्तमान में कनकपुरा बेंगलुरू में रहाता है। वह गूगल कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत है। गणेश ने बताया है कि वह भारतीय प्रबंधन संस्थान से पढ़ा हुआ है। उसके साथ पारुल नाम की लड़की भी पढ़ती थी। वह गणेश को पसंद करती थी और शादी करना चाहती थी। गणेश के इंकार करने के बाद भी लड़की ने अपने पिता कमलेश सिंह से 2020 में उनके माता-पिता के पास शादी का प्रस्ताव भिजवा दिया। उनके प्रस्ताव को मना करने पर उन लोगों ने देख लेने की धमकी दी थी।

एयरपोर्ट से ही बना लिया बंधक

पीड़ित गणेश ने बताया है कि पारुल उसे फोन कर इमोशनल तरीके से ब्लैकमेल करती थी। उसने जून 2022 में कहा था कि वह एक बार भोपाल आकर उसके माता-पिता से मिलकर वापस चला जाए। वह उसके बाद उससे कभी कॉन्टैक्ट नहीं करेगी। उसकी बात पर यकीन कर गणेश भोपाल आ गया। जहां एयरपोर्ट पर पारुल का भाई शैवेष और जीजा विजेंदर उसका पहले से इंतजार कर रहे थे। वह उसको लेकर नेहरू नगर के एक फ्लैट पर पहुंच गए और वहां बंद कर दिया। वहां से जाने की कहने पर उसे धमकाते थे और उसके साथ मारपीट करते थे। उसे खाने में नशीली दवा मिला कर दी जा रही थी, जिससे उसे हमेशा नींद आती रहती थी।

झूठे केस में फंसाने की धमकी

गणेश ने बताया है कि उसे कुछ भी समझ में नहीं आ रहा था। उसके पूछने पर पारुल के जीजा ने बताया कि बहुत जल्द उसके साथ पारुल की शादी भोपाल में ही कराई जाएगी। उसे धमकी देकर जबरन शादी के कार्यक्रम में सम्मिलित कराया गया। जहां तबीयत खराब होने पर उसको अस्पताल में भी एडमिट कराया गया। गणेश ने बताया है कि कार्यक्रम में उसके और पारुल के साथ में परिजनों ने कई फोटो खींच लिए थे। अब उसे धमकी दी जा रही है कि वह पारुल को पत्नी के रूप में स्वीकार कर ले, नहीं तो उसे और उसके माता-पिता को झूठे मुकदमे में फंसा दिया जाएगा। मना करने पर उससे और माता-पिता से 50 लाख रुपए की मांग की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया है कि प्रकरण में केस दर्ज कर लिया गया है। अब जांच-पड़ताल की जा रही है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article