Janmashtami 2025 Iskcon Mandir Bhopal: भोपाल इस बार जन्माष्टमी के रंग में डूबने को तैयार है। पटेल नगर स्थित इस्कॉन मंदिर श्री गौर राधा वल्लभ में 16 अगस्त को पहली बार भव्य महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। परंपरा, भक्ति और सांस्कृतिक झलकियों से सजा यह तीन दिवसीय उत्सव न केवल शहर बल्कि पूरे मध्यप्रदेश के लिए यादगार बनने वाला है। आयोजकों के अनुसार, यह मध्यप्रदेश की सबसे बड़ी जन्माष्टमी होगी, जिसमें 75,000 से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
इस्कॉन मंदिर की साज-सजावट
मंदिर परिसर को 500 किलो फूलों से सजाया जाएगा है, जिसमें रंग-बिरंगे पर्दे, झूमर, कलश, बंदनवार, राजस्थानी पेंटिंग्स और हैंडीक्राफ्ट के माध्यम से वृंदावन और मेवाड़ की झलक प्रस्तुत की जाएगी। दिनभर भजन, कीर्तन और कथा का आयोजन होगा। सबसे खास पल होगा कलश अभिषेक, जिसमें फल-रस, औषधि, दूध, दही और शहद से भगवान का अभिषेक किया जाएगा।
तीन दिवसीय जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शाम 6:30 बजे मुख्य नाट्य प्रस्तुति 'शांति दूत कृष्ण' और बच्चों की प्रस्तुति 'माखन चोर कृष्ण' होगी। यह महोत्सव तीन दिन तक चलेगा, जिसमें 500 से अधिक स्वयंसेवक भक्तों की सेवा करेंगे। सुरक्षा, पार्किंग, सुविधा केंद्र, फर्स्ट-एड और प्रसाद वितरण के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। इस्कॉन मंदिर प्रबंधन ने भोपाल और आसपास के श्रद्धालुओं से इस अद्वितीय उत्सव में शामिल होकर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का उल्लास साझा करने का आग्रह किया है।
