भोपाल

Bhopal News: बर्थडे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के पोस्टर को दूध से नहलाया, भाजपा ने बताया चमचागिरी

भोपाल में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और लोकसभा के नेता राहुल गांधी के जन्मदिन पर उनके कटआउट को दूध से नहलाने की घटना पर एमपी खेल मंत्री विश्वास सारंग और बीजेपी के मीडिया प्रभारी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।

Image

बर्थडे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के पोस्टर को दूध से नहलाया

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का आज जन्मदिन मनाया जा रहा है। राहुल गांधी के जन्मदिन के अवसर राजधानी भोपाल के बोर्ड ऑफिसर चौराहे पर कांग्रेस के प्रवक्ता अमित शर्मा ने समर्थकों से लिए समारोह का आयोजन किया है। इस समारोह के दौरान राहुल गांधी के कटआउट का दूध से अभिषेक किया गया है। कटआउट को दूध से नहलाने की घटना पर मध्य प्रदेश के खेल मंत्री विश्वास सारंग ने तीखी प्रतिक्रिया दी।

खेल मंत्री ने इसे नेहरू परिवार के प्रति चमचागिरी बताया

एमपी खेल मंत्री विश्वास सारंग ने इसे कांग्रेस की नेहरू परिवार के प्रति चमचागिरी की पराकाष्ठा बताया और कहा कि यह शर्मनाक है कि एक परिवार के महिमामंडन के लिए ऐसा किया जा रहा है। सारंग ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा दलितों और आदिवासियों को नीचा दिखाने का काम किया है, और उन्होंने बाबा साहेब अंबेडकर के खिलाफ नेहरू के षड्यंत्र का भी उल्लेख किया।

बीजेपी के मीडिया प्रभारी ने दी प्रतिक्रिया

बीजेपी के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने भी इस घटना पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा दूध बहाना किसानों की मेहनत का अपमान है। उन्होंने राहुल गांधी के गंगा स्नान से परहेज करने का उल्लेख करते हुए कहा कि यह दुग्धाभिषेक वास्तव में 'कृषक तिरस्कार' है। अग्रवाल ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उन्होंने दिखावे के लिए यह नाटक किया, जबकि उन्हें जिम्मेदारी से काम करना चाहिए था। इस प्रकार, इस घटना ने कांग्रेस की सोच और संवेदनशीलता पर सवाल उठाए हैं।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article