भोपाल

भोपाल के कारखाने में क्लोरीन गैस के रिसाव से मची अफरातफरी; NDRF और SDRF की कार्रवाई से राहत

भोपाल के गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक कारखाने से कथित तौर पर क्लोरीन गैस रिसाव की खबर आई, लेकिन अधिकारियों ने बताया कि कोई नुकसान नहीं हुआ। घटना के तुरंत बाद एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में किया गया।

Image

भोपाल के एक कारखाने में क्लोरीन गैस रिसाव (सांकेतिक फोटो: Canva)

Bhopal Chlorine Gas Leak: भोपाल के गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक कारखाने में बुधवार दोपहर कथित तौर पर क्लोरीन गैस रिसाव की सूचना मिली, हालांकि अधिकारियों ने बताया कि इससे कोई नुकसान नहीं हुआ। उप पुलिस अधीक्षक गोविंदपुरा, अदिति भावसार ने कहा, “सूचना के तुरंत बाद राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा आपातकालीन मोचन बल (एसडीआरएफ), पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और कारखाना बंद होने के कारण किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ।”

एसडीईआरएफ के जिला कमांडेंट राम शर्मा ने भी कहा कि किसी कारण से क्लोरीन गैस रिसाव हुआ था और स्थिति पर एक से डेढ़ घंटे में नियंत्रण पा लिया गया। हालांकि, आदिश इंडस्ट्रीज के मालिक राघव गोस्वामी ने बताया, “कोई गैस रिसाव नहीं हुआ। केवल कुछ पाउडर में आग लग गई थी, जिससे धुआं निकलने लगा, जैसे प्लास्टिक जलने पर धुआं निकलता है। हमने एहतियात के तौर पर एजेंसियों को बुलाया और आधे घंटे के भीतर स्थिति को नियंत्रण में कर लिया।”

यह घटना 1984 के भोपाल गैस त्रासदी की याद दिलाती है, जब यूनियन कार्बाइड के कारखाने से मिथाइल आइसोसाइनेट (एमआईसी) गैस का रिसाव हुआ था, जिसमें 5,479 लोगों की मौत हुई और पांच लाख से अधिक लोग अपंग हो गए थे।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!