भोपाल

Bhopal Traffic Diversion: त्योहारों को लेकर भोपाल में बदली ट्रैफिक व्यवस्था, 8 दिनों तक इन इलाकों में यातायात रहेगा बाधित

दीपावली के त्योहारी सीजन में भोपाल की सड़कों पर बढ़ने वाली भीड़ और जाम की स्थिति को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है। 13 से 21 अक्टूबर तक शहर के पुराने बाजारों से लेकर न्यू मार्केट, एमपी नगर और बैरागढ़ तक कई इलाकों में रूट डायवर्जन और पार्किंग की व्यवस्था की गई है। आइए जानते हैं किन इलाकों में यातायात बाधित रहेगा।

Image

भोपाल के इन इलाकों में बदला रहेगा ट्रैफिक

Bhopal Traffic: दीपावली के दौरान बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए भोपाल यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है। 13 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक पुराने शहर से लेकर न्यू मार्केट, एमपी नगर और बैरागढ़ तक कई मार्गों पर यातायात डायवर्जन और पार्किंग की नई व्यवस्था की गई है। पुलिस का कहना है कि इन दिनों खरीदारी के कारण शहर के मुख्य बाजारों में ट्रैफिक दबाव काफी बढ़ सकता है।

पुराने भोपाल में चारपहिया वाहनों की एंट्री पर रोक

पुराने भोपाल के जनकपुरी, जुमेराती, हनुमानगंज, घोड़ा नक्कास और आजाद मार्केट जैसे इलाकों में चारपहिया और लोडिंग वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इन क्षेत्रों में आने वाले वाहनों को बाल विहार ग्राउंड और सेंट्रल लाइब्रेरी मैदान जैसी वैकल्पिक पार्किंग में रुकने की अनुमति दी गई है।

चौक बाजार की ओर सीमित रहेगा ट्रैफिक

लखेरापुरा, इतवारा, मारवाड़ी रोड और इब्राहिमपुरा से चौक बाजार की दिशा में चारपहिया और तीनपहिया वाहनों का प्रवेश नहीं होगा। चालकों को सरस्वती स्कूल के पास मल्टीलेवल पार्किंग या सदर मंजिल पार्किंग का उपयोग करना होगा। यदि भीड़ बढ़ती है, तो दोपहिया वाहनों को भी इन्हीं पार्किंग स्थलों की ओर भेजा जाएगा।

10 नंबर मार्केट में वन-वे ट्रैफिक सिस्टम

10 नंबर मार्केट की ओर जाने वाले मार्ग को अस्थायी रूप से वन-वे घोषित किया गया है। अब वाहन वंदे मातरम् चौराहे से प्रवेश कर 10 नंबर मार्केट तिराहे से नेशनल अस्पताल की ओर जा सकेंगे। नेशनल अस्पताल से वंदे मातरम् चौराहे की दिशा में आवाजाही पर फिलहाल रोक रहेगी।

न्यू मार्केट और एमपी नगर में मल्टीलेवल पार्किंग

न्यू मार्केट क्षेत्र में टीटी नगर थाना चौराहे के पास मल्टीलेवल पार्किंग की सुविधा उपलब्ध है। भीड़ बढ़ने पर रंगमहल चौराहे से थाना चौराहे की दिशा में ट्रैफिक रूट में बदलाव किया जा सकता है। एमपी नगर जोन-1 के व्यापारियों और खरीदारों से अनुरोध है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें।

बैरागढ़ में चंचल चौराहे के पास तैयार हुई नई पार्किंग

बैरागढ़ क्षेत्र में चंचल चौराहे के पास मल्टीलेवल पार्किंग शुरू की गई है। साथ ही, पीडब्ल्यूडी ने नए पुल के निर्माण के दौरान छोटे अस्थायी पार्किंग स्थल भी बनाए हैं, जहां ग्राहक थोड़े समय के लिए अपने वाहन खड़े कर सकेंगे।

लोडिंग-अनलोडिंग के लिए रात का समय निर्धारित

ट्रैफिक जाम से बचने के लिए पुलिस ने व्यापारियों से अनुरोध किया है कि वे रात 12 बजे से सुबह 7 बजे के बीच ही सामान की लोडिंग-अनलोडिंग करें। इससे दिन के समय सड़कें खाली रहेंगी और भीड़भाड़ की स्थिति पर नियंत्रण रहेगा।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article