Bhopal Student Death: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक सनसनीखेज वारदात हुई जहां एक 22 वर्षीय छात्र की मारपीट के बाद मौत हो गई। इस मामले में दो पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, यह घटना शुक्रवार को हुई थी और तुरंत बाद संबंधित पुलिसकर्मी, सिपाही संतोष बामणिया और सौरभ आर्य, को निलंबित कर दिया गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए हमले के वीडियो में देखा गया कि एक पुलिसकर्मी उदित गायके नाम के छात्र को पकड़ रहा है, जबकि दूसरा उसे डंडे से मार रहा है। भोपाल जोन-2 के डीसीपी विवेक सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद भारतीय दंड संहिता की धारा 103 (हत्या) के तहत दोनों सिपाहियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
शर्ट फटी हुई और शरीर पर चोटों के निशान
अधिकारिक जानकारी के मुताबिक, दोनों पुलिसकर्मियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।" उदित के दोस्तों के अनुसार, वे बृहस्पतिवार रात इंद्रपुरी में पार्टी कर रहे थे। उन्होंने बताया कि उनमें से एक रात करीब डेढ़ बजे उदित को घर छोड़ने जा रहा था, तभी उदित ने पुलिस को देख लिया और एक गली में भागा। दोस्तों ने बताया कि पुलिस ने उदित का पीछा किया और उसकी पिटाई की। बाद में उसकी शर्ट फटी हुई और शरीर पर चोटों के निशान मिले।
पुलिसकर्मियों ने की 10, 000 रुपयों की मांग
उदित के दोस्तों ने दावा किया कि जब उनसे मारपीट रोकने के लिए कहा गया तो आरोपी पुलिसकर्मियों ने 10,000 रुपये मांगे। उदित को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि मृतक छात्र के माता-पिता भोपाल में नौकरी करते हैं, जबकि उसका बहनोई बालाघाट जिले में पुलिस उपाधीक्षक है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा कि कानून सभी के लिए समान है और अपराध करने वालों को किसी भी हालत में नहीं बख्शा जाएगा।
(इनपुट - भाषा)
