Bhopal Crime: भोपाल से एक हैरान कर देनी वाली घटना सामने आई है। यहां पर मां की डांट से डरी एक किशोरी ने एक ऐसा झूठ बोल दिया, जिससे पूरी भोपाल पुलिस हिल गई। किशोरी अपनी मां को फटे कपड़े के साथ झाड़ियों के बीच बैठी मिली थी। उसने अपनी मां को बताया कि, उसके रेप की कोशिश की गई है। जिसके बाद घटना की जानकारी भोपाल पुलिस को दी गई। जिसके बाद पुलिस के आला अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को आश्वासन देते नजर आए। पुलिस की कई टीमें पांच घंटे तक आरोपी को पकड़ने के लिए इधर-उधर घूमती रही। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की। साथ ही किशोरी को एंबुलेंस में बैठाकर एम्स पहुंचाया गया। यह सब देख किशोरी डर गई और उसने पुलिस को सच बता दिया। बच्ची से पूरे मामले की सच्चाई जानकार पुलिस ने राहत की सांस ली।
इस पूरी घटना की जानकारी देते हुए एडीसीपी राजेशसिंह भदौरिया ने बताया कि, यह पूरी घटना कटारा हिल्स क्षेत्र के बर्रई गांव का है। यहां की रहने वाली एक 13 वर्षीय किशोरी अपने परिवार के साथ रहती है। किशोरी के पिता का निधन हो चुका है। किशोरी और उसकी मां दूसरे लोगों के घरों में घरेलू कामकाज कर भरण पोषण करते हैं। किशोरी शहर में एक परिवार के यहां घरेलू काम करते हैं। किशोरी काम पर नहीं जाना चाहती थी, वह छुट्टी करना चाहती थी, लेकिन मां की डांट के डर से वह बेमन से घर से निकली और फिर कुछ देर बाद वापस आ गई।
