भोपाल

Bhopal: संदिग्ध हालत में मृत मिली महिला तो पोते को उठा ले गई पुलिस, दादी से की थी मारपीट

भोपाल के गोविंदपुरा थाना क्षेत्र में एक 90 वर्षीय महिला की लाश मिलने के मामले में पुलिस ने उनके पोते कार्तिक को हिरासत में लिया है। पोते ने बताया कि उसकी दादी अक्सर घर से भागने की कोशिश करती थी, जिसकी वजह से उसने गुस्से में आकर महिला के साथ मारपीट की थी।

Image

पोते से पूछताछ कर रही है पुलिस (सांकेतिक तस्वीर | Canva)

Bhopal News: भोपाल के गोविंदपुरा थाना क्षेत्र के गौतम नगर में एक 90 वर्षीय महिला का शव संदिग्ध हालात में मिला। निर्माणाधीन मकान में 90 वर्षीय इतवारी बाई की संदिग्ध हालत में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के शरीर पर कई जगह चोट और जलने के निशान थे। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

पोता है आरोपी

पुलिस ने मृतका के पोते कार्तिक को हिरासत में लिया है। ACP गोविंदपुरा, अदिति बी सक्सेना ने बताया कि कार्तिक इस मामले में मुख्य संदिग्ध है और उससे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में कार्तिक ने स्वीकारा कि रविवार दोपहर करीब 11 बजे उसका अपनी दादी से विवाद हुआ था, जिसमें उसने उनके साथ मारपीट की थी। आस-पास के लोगों ने उस दौरान बीच-बचाव भी किया। कार्तिक ने यह भी बताया कि उसकी दादी अक्सर घर से भागने की कोशिश करती थी, जिसकी वजह से उसने गुस्से में आकर महिला के साथ मारपीट की।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार

रविवार शाम जब परिजन वृद्धा से मिलने पहुंचे, तो उन्हें कमरे में मृत अवस्था में पाया गया। पुलिस ने तत्काल शव को कब्जे में लेकर सोमवार को परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम कराया है। अब रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे मौत की वजह साफ हो सकेगी।

मामले की जांच जारी

पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और पड़ोसियों से भी पूछताछ की जा रही है। यह जानने की कोशिश की जा रही है कि मारपीट के बाद क्या कोई अन्य घटनाक्रम भी सामने आया। फिलहाल कार्तिक हिरासत में है और मामला गंभीरता से जांच के दायरे में है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article